कोट-जैकेट और मोटे मोटे स्वेटर पहनने को हो जाएं तैयार, बिहार के मौसम में होने वाला है बड़ा बदलाव, कनकनी और शीतलहर देगी दस्तक

बिहार में अब जल्द ही कनकनी और शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है। न्यूनतम तापमान अगले सप्ताह कुछ जिलों में 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है जिससे ठिठुरन बढने की संभावना है।

Bihar weather - फोटो : news4nation

Bihar Weather : भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताज़ा बुलेटिन के अनुसार, अगले 2–3 दिनों में बिहार के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में 2–4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान का मतलब है कि बिहार में अब जल्द ही कनकनी और शीतलहर का दौर शुरू हो सकता है। न्यूनतम तापमान अगले सप्ताह कुछ जिलों में 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है जिससे ठिठुरन बढने की संभावना है। 


दरअसल, तापमान में यह गिरावट राज्य में ठंड के शुरुआती दौर और कनकनी भरी सुबहों की दस्तक का संकेत है। मौसम विभाग ने खास तौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को सावधानी बरतने तथा देर रात और सुबह के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।


अनुमान के मुताबिक, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, गया, पूर्णिया और जमुई सहित सेंट्रल और ईस्टर्न बिहार के जिलों में न्यूनतम तापमान 16–18 डिग्री सेल्सियस से घटकर 14–16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, वेस्ट और ईस्ट चंपारण, गोपालगंज, बक्सर, भोजपुर और रोहतास जैसे पश्चिमी जिलों में तापमान 14–16 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 12–14 डिग्री सेल्सियस के स्तर तक आ सकता है।


पिछले 24 घंटों में राज्यभर में मौसम शुष्क रहा। अररिया के फोरबिसगंज में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि गया में न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोहरे की वजह से पूर्णिया में सुबह के समय विज़िबिलिटी घटकर 800 मीटर तक रह गई, हालांकि बारिश कहीं नहीं हुई।


मौसम विभाग ने अगले हफ़्ते भी मौसम के शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। अगले 3–4 दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और यह आरामदायक स्तर पर बना रहेगा। वहीं शुरुआती गिरावट के बाद न्यूनतम तापमान के स्थिर होने की उम्मीद है। मौसम में तेजी से आ रहे बदलाव को देखते हुए विभाग ने लोगों से ठंड के प्रति सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।