बिहार में बड़ा सियासी खेला ! सीएम सम्राट चौधरी से मिले कांग्रेस एमएलसी समीर सिंह, मंत्रिमंडल विस्तार के पहले नई सियासत
बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद अब कांग्रेस के विधायकों और एमएलसी की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी संग नजदीकियां बढ़ते जा रही हैं जो बड़े सियासी खेला की तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है
Samrat Chaudhary : बिहार की राजनीति में हलचल के बीच शनिवार को कांग्रेस एमएलसी समीर कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। समीर कुमार सिंह मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर सीएम से मिले। इस मुलाकात को राज्य की बदलती सियासी परिस्थितियों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि इससे पहले कांग्रेस विधायक सुरेंद्र कुशवाहा भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चुके हैं, जिससे कांग्रेस खेमे में हलचल और तेज हो गई है।
हाल के राज्यसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस के कुछ विधायकों और राजद के एक विधायक ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। इसके कारण राजद के उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा था। इस घटनाक्रम के बाद से विपक्षी एकजुटता पर सवाल उठे थे और अब मुख्यमंत्री से कांग्रेस नेताओं की लगातार मुलाकातें नए राजनीतिक समीकरणों की ओर इशारा कर रही हैं।
गौरतलब है कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जब नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद सत्ता परिवर्तन हुआ। इसके बाद से विपक्षी दलों के नेताओं का मुख्यमंत्री से मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है।
इधर, विधानसभा के विशेष सत्र में एनडीए सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। इसके बाद मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हैं। शनिवार सुबह सीएम सम्राट चौधरी ने 1 अणे मार्ग पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान फ्लोर टेस्ट जीतने पर उन्हें बधाई दी गई।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। फिलहाल सरकार केवल तीन नेताओं—सम्राट चौधरी, विजय चौधरी और विजेंद्र यादव—के सहारे चल रही है, जिससे विस्तार को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।