Bihar Politics : धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को कांग्रेस सांसद ने बताया करोड़ों युवाओं की जीत, पीएम से की माफ़ी मांगने की अपील

Bihar Politics : राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं की जीत बताया है. वहीँ सांसद ने पीएम मोदी से माफ़ी मांगने की अपील की है......पढ़िए आगे

युवाओं की जीत - फोटो : NAROTTAM

PATNA : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने इसे देश के करोड़ों छात्र-युवाओं के संघर्ष की बड़ी जीत करार दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के निरंतर दबाव और छात्रों के एकजुट आंदोलन के कारण ही सरकार को यह कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा है। अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम का श्रेय नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देते हुए उन्हें विशेष धन्यवाद दिया। 

राहुल गाँधी को श्रेय

उन्होंने कहा की "राहुल गांधी ने इस लड़ाई को धारदार बनाया और संसद से लेकर सड़क तक सरकार को घेरा। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास का घेराव किया और विपक्ष के 100 से अधिक सांसदों के साथ बैठक कर सरकार पर अभूतपूर्व दबाव बनाया। संसद में सोमवार से शुक्रवार तक दोनों सदन 5 मिनट भी नहीं चल सके, और इसी चौतरफा दबाव का नतीजा है कि आज शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा।" कांग्रेस सांसद ने इस मामले में सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए मांग की कि वे देश के करोड़ों ठगे गए छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

विधायक संदीप सौरभ की गिरफ्तारी

भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ की गिरफ्तारी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार दमनकारी नीतियां अपना रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले और नेताओं को गिरफ्तार कर ले, आंदोलन उतना ही मजबूत होकर आगे बढ़ेगा।

बांकीपुर उपचुनाव पर रुख

इसके अलावा, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर अखिलेश प्रसाद सिंह ने दावा किया कि क्षेत्र की जनता अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है और इस बार परिवर्तन के पक्ष में मतदान करेगी। वहीं, प्रशांत किशोर पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर चुनावी मैदान में कोई नए नहीं हैं, वे इससे पहले भी विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।