Bihar News : मंत्री संतोष सुमन ने राहुल गाँधी पर कसा तंज, कहा स्वतंत्रता सेनानियों की कांग्रेस को स्टैंड-अप कॉमेडियन बना दिया
Bihar News : मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी का गौरवशाली इतिहास रहा है, आज राहुल गांधी के नेतृत्व में उसकी पूरी राजनीति सोशल मीडिया के ट्रेंड्स के इर्द-गिर्द सिमट कर रह गई है।
PATNA : हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा की जिस कांग्रेस का इतिहास देश की आजादी के संघर्ष, त्याग और बलिदान से जुड़ा रहा, आज राहुल गांधी के नेतृत्व में उसकी राजनीति सोशल मीडिया के ट्रेंड, उधार के मुद्दों और राजनीतिक नौटंकी के इर्द-गिर्द सिमटती दिख रही है।
उन्होंने कहा की सोशल मीडिया पर जो ट्रेंड हुआ, कांग्रेस ने उसे उठाया और पूरी टीम अभिनय करने मैदान में उतर गई! कभी कोई नया तमाशा, कभी कोई नाटकीय प्रदर्शन—मानो देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि कैमरों के सामने कॉमेडी करने वाली मंडली हो। सवाल यह है कि कांग्रेस देश के गंभीर मुद्दों पर राजनीति कर रही है या सोशल मीडिया की स्क्रिप्ट पर अपना राजनीतिक अभिनय दिखा रही है?
संतोष कुमार सुमन ने कहा की राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि नेता प्रतिपक्ष का पद कोई स्टैंड-अप कॉमेडी का मंच नहीं है। यह संवैधानिक जिम्मेदारी है, जहां तथ्यों, तर्कों और वैकल्पिक नीतियों के साथ सरकार को घेरा जाता है। लेकिन जब राजनीति का केंद्र जनसमस्याओं के समाधान के बजाय दिखावा, नाटकीयता और सुर्खियां बटोरना बन जाए, तो लोकतंत्र में विपक्ष की गंभीरता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सोशल मीडिया की पोस्ट उठाकर उस पर अभिनय करना और उसे जनहित की राजनीति बताना विपक्ष की जिम्मेदारी का विकल्प नहीं हो सकता।
मंत्री ने कहा की जिस कांग्रेस ने कभी देश को बड़े नेता दिए, उसे आज राहुल गांधी की शैली ने राजनीतिक उपहास का विषय बना दिया है। लोकतंत्र को मजबूत विपक्ष चाहिए, राजनीतिक नौटंकी नहीं। राहुल गांधी को तय करना होगा कि वे देश की समस्याओं पर जवाबदेह राजनीति करेंगे या कांग्रेस को तमाशे की राजनीति में और आगे ले जाएंगे।