Bihar Politics: 'नरेंद्र दो सिलेंडर'...पटना की सड़कों पर गैस संकट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका

Bihar Politics: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और उन्हें महंगाई का जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। नरेंद्र दो सिलेंडर से लेकर महंगाई डायन खाई जात है गीत गाकर विरोध किया।

कांग्रेस का प्रदर्शन - फोटो : reporter

Bihar Politics: ईरान-अमेरिया- इजराइल में तनाव के बीच देश में गैस संकट और महंगाई बढ़ती जा रही है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने पटना में गैस संकट को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया है। इनकम टैक्स गोलंबर पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने खाली सिलेंडरों को सड़क पर रखकर उन्हें माला पहनाई और अनोखे तरीके से विरोध जताया। 

सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

कुछ महिलाएं मिट्टी का चूल्हा लेकर पहुंचीं, जिससे गैस संकट की गंभीरता को दर्शाया गया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “बीजेपी हटाओ-देश बचाओ”, “मोदी की मनमानी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए गए। ढोल-मंजीरे के साथ प्रदर्शनकारियों ने “महंगाई डायन खाय जात है” जैसे गीत गाकर भी विरोध जताया।

गरीबों को ठगा 

प्रदर्शन में राजेश राम भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि गरीबों को ठगा नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 1 अप्रैल से बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है और गैस संकट ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले LPG का मतलब ‘लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस’ था, अब ‘ले पाओगे’ हो गया है। साथ ही उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर महंगाई और जन समस्याओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और उन्हें महंगाई का जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। कांग्रेस नेता इंद्रदीप चंद्रवंशी और पटना महानगर के जिलाध्यक्ष कुमार आशीष ने कहा कि गैस की किल्लत से आम जनता परेशान है और अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

गरीब महिलाओं पर असर 

पूर्व विधायक प्रतिमा दास ने उज्ज्वला योजना का जिक्र करते हुए कहा कि आज गैस संकट का सबसे ज्यादा असर गरीब महिलाओं पर पड़ा है, जो अब फिर से चूल्हा और गोइठा पर खाना बनाने को मजबूर हैं। प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है।