Bihar Politics: पटना में कांग्रेस का LPG संकट पर उग्र प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के पुतले पर बरसाए लाठी और चप्पल, पुतला दहन कर जमकर की नारेबाजी
Bihar Politics: पटना में एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और इनकम टैक्स गोलंबर पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान नरेंद्र मोदी
Bihar Politics: पटना में एलपीजी गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। शहर के इनकम टैक्स गोलंबर के पास हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘सिलेंडर का दाम कम करो’ और ‘आम आदमी पर अत्याचार बंद करो’ जैसे नारे लगाए। इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया और विरोध जताने के लिए पुतले पर लाठी और चप्पल भी बरसाए।
पीएम मोदी का फूंका पुतला
इस आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने ‘LPG संकट पर जवाब दो’ और ‘56 इंच का सीना कहां है’ जैसे नारे लगाकर सरकार से जवाब मांगा। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता निधि झा ने कहा कि जब गैस सिलेंडर 400 रुपये का था, तब भाजपा नेता स्मृति ईरानी इसके विरोध में प्रदर्शन करती थीं, लेकिन अब महंगाई के बावजूद चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज आम जनता के लिए रसोई चलाना मुश्किल हो गया है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप
वहीं, कांग्रेस नेता राजेश राम ने कहा कि गैस की भारी किल्लत है और होटल-हॉस्टलों में भी बुकिंग प्रभावित हो रही है। उनका दावा है कि लोग घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं पा रहे हैं। इस मौके पर विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता मदन मोहन झा ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में गैस संकट जैसे हालात बन गए हैं और कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
गैस संकट से जूझ रहा देश
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश में लोग गैस संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन को व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी और इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। कुल मिलाकर, एलपीजी संकट को लेकर सियासत तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।
पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट