Bihar News : पटना में खड़गे ने दिया PM मोदी पर विवादित बयान, युवक के विरोध पर भड़के कांग्रेसी, जमकर की पिटाई
Bihar News : बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर पटना में आयोजित कार्यक्रम में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के दौरान एक युवक ने विरोध जता दिया।
PATNA : बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर पटना स्थित बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के दौरान एक युवक ने विरोध जता दिया। खड़गे के जवाब और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के बाद मंच के सामने हड़कंप मच गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध करने वाले शख्स को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी।
पीएम मोदी पर टिप्पणी के बाद भड़का हंगामा
कार्यक्रम के दौरान खड़गे जब अपना भाषण दे रहे थे, तभी दर्शक दीर्घा में मौजूद एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अपनी बात रखी और कहा कि "पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे।" इस पर खड़गे ने प्रधानमंत्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा की ‘मोदी का बाप भी जायेगा।‘ खड़गे के इस जवाब के तुरंत बाद बापू सभागार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वहां मौजूद उग्र कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस युवक को दबोच लिया और उसकी धुनाई कर दी।
"चोरी की सरकारें": केंद्र, बीजेपी और आरएसएस पर करारा हमला
हंगामे के बाद खड़गे ने अपना संबोधन जारी रखा और केंद्र सरकार, भारतीय जनता पार्टी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बिहार सहित पिछले दो वर्षों में बनी बीजेपी और उनके सहयोगियों की सरकारों को 'चोरी से बनी सरकारें' करार दिया। खड़गे ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र में वोट चोरी के जरिए सरकारें बनाई गई हैं। उन्होंने मांग की कि इन सभी राज्यों की सरकारों को बर्खास्त किया जाना चाहिए।
बैलेट पेपर से चुनाव और 'आजादी की दूसरी लड़ाई' का आह्वान
चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि देश में आगामी सभी चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराए जाने चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को तुरंत रोकने की बात कही। बिहार की जनता से इस मुद्दे पर एकजुट होने की अपील करते हुए खड़गे ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए इसे "आजादी की दूसरी लड़ाई" के रूप में लड़ा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और आरएसएस मिलकर देश की संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लगातार कमजोर कर रहे हैं।
डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के योगदान को किया याद
राजनीतिक हमलों के बीच खड़गे ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह (श्री बाबू) को श्रद्धांजलि दी और आधुनिक बिहार के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान की सराहना की। खड़गे ने कहा की डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने लोकतंत्र को मजबूत करने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जीवनभर काम किया। उनकी बिहार में जमींदारी प्रथा को खत्म करने में उनकी मुख्य भूमिका रही। उन्होंने राज्य में कृषि, उद्योग, शिक्षा और सिंचाई के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक संस्थाओं की स्थापना की, जिससे बिहार के विकास की नींव रखी गई।
नरोत्तम की रिपोर्ट