Patna News: मरीन ड्राइव पर बाइक पर रोमांस, चलती मोटरसाइकिल पर हदें की पार, ट्रैफिक नियमों की उड़ीं धज्जियां
Patna News: पटना की लाइफलाइन कहे जाने वाले जेपी गंगा पथ पर एक बार फिर बेपरवाही और लापरवाही का ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
Patna News: राजधानी पटना की लाइफलाइन कहे जाने वाले जेपी गंगा पथ पर एक बार फिर बेपरवाही और लापरवाही का ऐसा नज़ारा देखने को मिला, जिसने पुलिस प्रशासन और ट्रैफिक व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है। सड़कों पर गाड़ियों की रफ़्तार के बीच एक युवक और युवती का चलती बाइक पर रोमांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
शनिवार का बताया जा रहा यह मामला सिर्फ अमर्यादित आचरण का नहीं, बल्कि सीधे-सीधे मौत को दावत देने जैसा है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक तेज रफ़्तार बाइक पर सवार युवक और युवती एक-दूसरे से लिपटे हुए हैं और एक-दूसरे को किस कर रहे हैं। न तो बाइक चला रहे शख्स के सिर पर हेलमेट है और न ही पीछे बैठी युवती ने सुरक्षा का कोई इंतज़ाम किया है।
गंगा पथ की ढलान और तेज रफ़्तार के बीच इस तरह का स्टंट न सिर्फ उन दोनों की जान के लिए आफ़त बन सकता था, बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य राहगीरों के लिए भी यह एक बड़ा खतरा साबित हो सकता था। थोड़ी सी चूक या बैलेंस बिगड़ने पर कोई भी बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता था।
गंगा पथ पर ऐसे मामले सामने आने के बाद अब अवाम के बीच सड़कों की सुरक्षा और गश्त को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां एक तरफ ट्रैफिक पुलिस चालान काटने और चेकिंग के नाम पर मुस्तैदी दिखाती है, वहीं दूसरी तरफ सरेआम रफ़्तार और आवारगी के नाम पर यातायात के कड़े नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
फिलहाल, इस सनसनीखेज वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय थाना पुलिस हरकत में आ गई है और वीडियो के आधार पर बाइक के नंबर और सवारों की शिनाख्त (पहचान) करने में जुट गई है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस भी वीडियो को वेरीफाई कर आगे की कानूनी कार्रवाई और ट्रैफिक नियमों के तहत भारी-भरकम चालान काटने की तैयारी में है। देखना यह होगा कि इस तरह के बेखौफ रवैये पर पुलिस प्रशासन कब तक नकेल कस पाता है।