Bihar News: पटना के इस थाना में मिल रहा है सिलेंडर, LPG की कालाबाजारी के बीच प्रशासन की सख्ती

Bihar News: पटना में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने थाना परिसर के अंदर ही गैस वितरण का कार्य शुरु कर दिया है।

थाने में गैस का वितरण - फोटो : social media

Bihar News: पश्चिम एशिया में छिड़ी भीषण जंग का असर अब आम आदमी की रसोई तक पहुँचने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की खबरों के बीच स्थानीय स्तर पर गैस की कालाबाजारी का काला खेल शुरू हो गया है। हालात इस कदर बेकाबू हो रहे हैं कि अब पुलिस और प्रशासन को सीधे दखल देना पड़ रहा है। इसी कड़ी में राजधानी पटना के थानों में सिलेंडर की बिक्री शुरु हो गई है। 

कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सख्ती 

दरअसल, पटना में LPG गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने अनोखी पहल शुरू की है। शहर के मोगलपुरा टीओपी में थाना परिसर के अंदर ही उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गैस की कमी के बीच बढ़ती कालाबाजारी को देखते हुए पुलिस की निगरानी में सिलेंडर वितरण किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को बिना किसी परेशानी के सही कीमत पर गैस मिल सके।

सिलेंडर लेनेपहुंच रहे लोग  

सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी में वितरण होने से उन्हें आसानी से गैस मिल रही है और कालाबाजारी पर भी रोक लग रही है। इस व्यवस्था की देखरेख मोगलपुरा टीओपी प्रभारी चुन्नू कुमार के नेतृत्व में की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ी है और आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है। पुलिस की इस पहल को शहर में सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे LPG वितरण प्रणाली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

पटना से रजनीश की रिपोर्ट