Bihar News: 'जहां भी मिलेगा गोली मार देंगे', दिनदहाड़े घर में घुसकर युवक को अपराधियों ने दी जान से मारने की धमकी, इलाके में दहशत

Bihar News: बिहार में दिनदहाड़े बेखौफ अपराधियों का तांडव देखने को मिला है। बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर युवक को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

अपराधी ने दी धमकी- फोटो : social media

Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। बेखौफ अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला पटना का है। जहां दिनदहाडे़ अपराधियों ने एक महिला के घर में घुसकर उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरा माला जानीपुर थाना क्षेत्र के गाजा चक महमदपुर गांव का है। घटना के बाद परिजनों में डर और तनाव का माहौल है। 

घर में घुसकर अपराधियों ने दी धमकी 

वहीं, घटना से जुड़ा कथित CCTV फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में और दहशत फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता किरण कुमारी, पति नागेन्द्र प्रसाद, उम्र लगभग 50 वर्ष, जो अस्वस्थ और कई बीमारियों से ग्रसित हैं, ने बताया कि 13 अप्रैल 2016 की सुबह करीब 9 बजे अचानक उनके घर पर गांव के ही कुछ लोग हथियारों से लैस होकर पहुंच गए। आरोप है कि प्रवीण कुमार उर्फ विक्कू, अक्षय कुमार उर्फ चिक्कू (पिता- राजू शर्मा) एवं आशुतोष कुमार उर्फ कुन्नू (पिता- अजय सिंह) अपने साथ पांच से सात अज्ञात लोगों को लेकर आए थे।

जान से मारने की धमकी 

पीड़िता के अनुसार, सभी आरोपी पिस्टल, पाइप गन एवं अन्य धारदार हथियारों से लैस थे और घर के बाहर खड़े होकर उनके बेटे निखिल कुमार उर्फ “इंजीनियर” को गालियां देते हुए बाहर बुला रहे थे। आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी कि जहां भी निखिल मिलेगा। उसे गोली मार देंगे। घटना से घबराई महिला ने तुरंत अपने बेटे को फोन कर डायल 112 पर सूचना देने को कहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। हालांकि, जाते-जाते भी वे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इधर, घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

वीडियो वायरल 

वायरल वीडियो में कुछ लोग हथियार के साथ घर के बाहर घूमते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक फुटेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पीड़िता और उनका परिवार फिलहाल दहशत में है। महिला ने जानीपुर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानीपुर थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पटना से सुमित की रिपोर्ट