Bihar Weather: तूफान अर्णब के असर से बिहार में आफत! कोसी-बागमती खतरे के पार, 50 गांव डूबे, बारिश-बाढ़ में 3 की मौत
Bihar Weather: बिहार में साइक्लोन अर्णब के असर से मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। पिछले तीन दिनों से राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है।...
Bihar Weather: बिहार में साइक्लोन अर्णब के असर से मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। पिछले तीन दिनों से राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश और नेपाल में हो रही वर्षा के कारण बिहार की प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कोसी और बागमती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जबकि गंडक के जलस्तर में भी लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में कई जिलों में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है।
नेपाल में बारिश के बाद शुक्रवार को वीरपुर बराज से कोसी नदी में 2.65 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसका असर नदी के जलस्तर पर साफ दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटे में सुपौल के बसुआ में कोसी का जलस्तर 12 सेंटीमीटर बढ़ा, जबकि खगड़िया के बलतारा में 26 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बलतारा में कोसी नदी खतरे के निशान से 49 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई है। इससे तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
उधर, वाल्मीकिनगर बराज से गंडक नदी में 1.29 लाख क्यूसेक पानी का प्रवाह हो रहा है। इसके चलते नदी का जलस्तर भी लगातार ऊपर जा रहा है। पश्चिम चंपारण के चटिया में बीते 24 घंटे में गंडक का जलस्तर 14 सेंटीमीटर बढ़ा, जबकि गोपालगंज के डुमरिया घाट में 24 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। बगहा में गंडक के उफान को देखते हुए बाढ़ की आशंका और गहरा गई है।
मुजफ्फरपुर में बागमती नदी भी उफान पर है। बेनीबाद में नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। नदी किनारे के इलाकों में प्रशासन को सतर्क रखा गया है। वहीं समस्तीपुर में हल्की बारिश का दौर जारी है। सुपौल में हालात और गंभीर हैं, जहां करीब 50 गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कई लोगों के घर और आंगन में पानी घुस गया है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के बीच खगड़िया के बेलदौर में एक दर्दनाक हादसा भी हुआ। तेज बारिश के दौरान घर की दीवार गिरने से 10 वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई।
नेपाल में लगातार बारिश का असर अररिया में भी देखने को मिला। बलुआही धार का जलस्तर अचानक बढ़ने के बाद मानिकपुर पंचायत में पानी का दबाव बढ़ गया। यहां डूबने से दो महिलाओं की मौत हो गई। यानी बारिश, उफनती नदियां और बढ़ता जलस्तर अब बिहार के कई इलाकों में मुसीबत का सबब बन गया है। प्रशासन अलर्ट है, लेकिन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच बाढ़ को लेकर खौफ का माहौल कायम है।