DA Hike : बिहार के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी खुशखबरी: छठ से पहले डीए में 3 प्रतिशत की हुई बढ़ोतरी

DA Hike : छठ पूजा से पहले सम्राट सरकार ने राज्य के कर्मियों और पेंशनभोगियों के डीए बढ़ोतरी के फैसले पर मुहर लगाई गई। इसमें 3 फीसदी की बढ़ोतरी की गयी है....पढ़िए आगे

डीए में बढ़ोतरी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : छठ महापर्व से ठीक पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बिहार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ा तोहफा दिया गया है। इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 31 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई, जिसमें महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने का निर्णय सबसे प्रमुख रहा।

सातवें वेतनमान वालों का डीए 60% से बढ़कर हुआ 63%

सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन और पेंशन प्राप्त कर रहे सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। अब इन्हें 60 प्रतिशत की जगह 63 प्रतिशत डीए मिलेगा। यह बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी, जिसका मतलब है कि कर्मचारियों को पिछले महीनों का बकाया एरियर (Arrears) के रूप में प्राप्त होगा।

पांचवें और छठे वेतनमान के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को भी लाभ

कैबिनेट ने पांचवें और छठे वेतन आयोग के तहत आने वाले कर्मचारियों व पारिवारिक पेंशनभोगियों के डीए में भी संशोधन कर बढ़ोतरी की है। पाँचवाँ वेतनमान: इसके तहत मिलने वाला डीए 483% से बढ़ाकर 497% कर दिया गया है। छठवाँ वेतनमान: इसके तहत मिलने वाला डीए 262% से बढ़ाकर 269% कर दिया गया है।

त्योहारी सीजन और छठ पर वित्तीय राहत

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा से ठीक पहले आए इस फैसले से राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनभोगियों में खुशी का माहौल है। एरियर के साथ बढ़ी हुई सैलरी मिलने से त्योहारी सीजन में उनके वित्तीय प्रबंध और खरीदारी में काफी सहूलियत होगी।