Bihar News: मैं किसी भी परिस्थिति में... डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को कल्कि धाम के आचार्य प्रमोद कुष्ण ने भेजा निमंत्रण, जानिए उपमुख्यमंत्री ने क्या दिया जवाब

Bihar News: कल्कि धाम के आचार्य प्रमोद कुष्ण ने उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को अपने धाम आने का निमंत्रण दिया है। डिप्टी सीएम ने इसको लेकर बयान दिया है। साथ ही तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा है।

Deputy CM Vijay Sinha - फोटो : Reporter

Bihar News:  बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को कल्कि धाम के आचार्य प्रमोद कुष्ण ने अपने धाम आने का निमंत्रण दिया है। उपमुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। डिप्टी सीएम ने कहा है कि वो कल्कि धाम जरुर जाएंगे। जब उपमुख्यमंत्री से सवाल किया गया कि कल्कि धाम के आचार्य प्रमोद कृष्ण ने उन्हें निमंत्रण भेजा है तो क्या वे वहां जाएंगे इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा, "मुझे निमंत्रण मिला है, मैं अवश्य वहां जाऊंगा, किसी भी परिस्थिति में मैं वहां जाऊंगा।"

इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने तेजस्वी यादव और लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा, "तेजस्वी यादव कहते हैं कि उनकी सरकार बनी तो कानून-व्यवस्था सुधरेगी और रोजगार मिलेगा। लेकिन तेजस्वी यादव आपकी सरकार बनने पर बिहार का क्या हाल होगा, यह सभी को समझना चाहिए। आपके माता-पिता के शासनकाल में बिहार का क्या हाल हुआ, यह सभी जानते हैं। किसके कार्यकाल में डॉक्टर और इंजीनियर यहां से पलायन कर गए? किसके शासन में कल-कारखाने बंद हुए? यह बताइए कि अगर आप आएंगे तो क्या जंगलराज खत्म होगा?"

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा विश्वास है, क्योंकि वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। मोकामा में हुई फायरिंग और अनंत सिंह के आज समर्पण पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, "पुलिस अपना काम कर रही है। इस पर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। बिहार में सुशासन की सरकार है।"


पटना से अभिजीत की रिपोर्ट