Bihar News : धनकुबेर निकला BBOSE का उपनिदेशक, EOU ने करोड़ों की अवैध संपत्ति का किया खुलासा, भारी मात्रा में नकदी और गहने किया बरामद

Bihar News : ईओयू की विशेष टीम ने BBOSE के उपनिदेशक अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जिसमें कुल 3.43 करोड़ रुपये की अवैध परिसंपत्तियों का खुलासा हुआ है।

धनकुबेर निकला उपनिदेशक - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : आर्थिक अपराध इकाई (इओयू) की विशेष टीम ने बिहार मुक्त विद्यालय के उप निदेशक अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर सघन छापेमारी की। इनके खिलाफ जांच में कुल 3 करोड़ 43 लाख 18 हजार 300) रुपए की अवैध संपत्ति का मामला सामने आया है। यह वास्तविक आय से 90 प्रतिशत से अधिक है। इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई के स्तर से पटना के विशेष निगरानी न्यायालय के स्तर से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई की गई है। अभियुक्त अजय कुमार सिंह के कुल 3 ठिकानों पटना के चन्द्रतारा भवन बीभी कॉलेज, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा (थाना राजीव नगर), पटना में मीठापुर स्थित बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड मिठापुर के उनके कार्यालय कक्ष और उनके बेगूसराय जिले स्थित ग्राम परोरा, पोस्ट-सहना, थाना-साहेबपुर कमाल के पैतृक मकान पर अलग-अलग टीम के स्तर से तलाशी की गई। यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।

तलाशी के क्रम में अभियुक्त के पैतृक ग्राम परोरा के मकान में बड़ी संख्या में नगदी समेत अन्य सामान जब्त की गई। इसमें 15 लाख 50 हजार रुपए नगद, 9.50 लाख की ज्वेलरी का इन्वेट्री, पिता के नाम पर 11 डीड, भारतीय स्टेट बैंक का पासबुक-1, आभूषण क्रय किये जाने से संबंधित स्थानीय दुकान की कुल 6 रसीद, जिसका मूल्य पांच लाख पचास हजार रुपये है। प्राथमिकी अभियुक्त अजय कुमार सिंह के पैतृक आवास पर कई वाहन, जिनमें जेसीबी, 2 ट्रैक्टर, 1 बोलेरो, 1 बड़ा डीजी सेट समेत अन्य पाया गया है।  

अभियुक्त के पटना स्थित चन्द्रतारा भवन बीभी कॉलेज, आकाशवाणी रोड, खाजपुरा (थाना राजीव नगर) ठिकाने पर तलाशी के क्रम में 10 लाख 38 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। ज्वेलरी का इन्वेट्री करीब 41 लाख 81 हजार 917 रुपये मूल्य का भी मिला है। इसके अतिरिक्त नोएडा सेक्टर 142 (उतर प्रदेश) में यूनिट नं0–17836 (1442) वर्गफीट का फ्लैट बुक किये जाने से संबंधित कागजात जिनमें करीब 60 लाख रुपये से अधिक भुगतान किया जा चुका है। पटना के अलंकार ज्वेलर्स में 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण क्रय किये जाने से संबंधित इन्वाईस भी मिला है। विभिन्न बैंको में 8 बैंक खातो से संबंधित पासबुक / एटीएम कार्ड, जिनमें लगभग 18 लाख 50 हजार रुपये जमा हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम एवं अन्य बीमा कम्पनियों से संबंधित कुल 5 पॉलिसी और महेन्द्रा स्कॉर्पियो वाहन, स्कूटी आदि वाहन के कागजात शामिल है। म्यूयुअल फंड में निवेश से संबंधित कागजात शामिल है। 

इसके अलावा अभियुक्त का पटना अवस्थित मकान G+2 बना हुआ पाया गया है, जिनके साज- सज्जा पर काफी रकम व्यय की गई है। अग्रतर अनुसंधान के क्रम में इस भवन का मूल्यांकन कराया जायेगा। अजय कुमार सिंह, बिहार शिक्षा सेवा में वर्ष 2005 में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी के पद पर योगदान किये थे । अभी तक की तलाशी में जो भी परिसम्पति पायी गई है, वह उनके आय के स्त्रोत से काफी अधिक है। बरामद एवं जब्त दस्तावेजो का अवलोकन किया जा रहा है।