‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए सख्त निर्देश, प्रतिदिन 150 सोलर पैनल लगाएं

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को पटना डीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कई सख्त निर्देश दिए....

‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ को लेकर डीएम का सख्त निर्देश- फोटो : अनिल कुमार

Patna : प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को पटना के जिलाधिकारी कुन्दन कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिलाधिकारी ने योजना के तहत सोलर पैनल स्थापना की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया।


BPL परिवारों के लिए लक्ष्य और प्रगति

बैठक के दौरान बताया गया कि योजना के तहत बीपीएल (BPL) परिवारों के घरों पर निःशुल्क सोलर पैनल स्थापित किए जा रहे हैं। पटना जिले में नवंबर माह तक कुल 5,585 सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसके विरुद्ध अब तक 441 सोलर पैनल ही स्थापित हो सके हैं।


लक्ष्य की धीमी प्रगति को देखते हुए डीएम ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को एजेंसी सनफीड इको सोलूशन्स का निरंतर अनुश्रवण करने और पर्याप्त मैनपावर की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि वर्तमान में लगाए जा रहे प्रतिदिन 100 सोलर पैनल की संख्या को बढ़ाकर तत्काल प्रतिदिन 150 सोलर पैनल किया जाए।


गैर-बीपीएल परिवारों के लिए सब्सिडी का प्रावधान

योजना के तहत गैर-बीपीएल परिवारों को भी सोलर संयंत्र लगाने पर भारी सब्सिडी दी जा रही है। 1 किलोवाट संयंत्र 30,000 की सब्सिडी, 2 किलोवाट संयंत्र 60,000 की सब्सिडी और 3 किलोवाट या अधिक क्षमता पर अधिकतम 78,000 तक की सब्सिडी।


छोटे कारणों से लोन रिजेक्ट न करें बैंक: DM

बैंकों द्वारा ऋण आवेदनों के निरस्तीकरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि छोटे-मोटे या सुधार योग्य कारणों से आवेदनों को निरस्त (Reject) न किया जाए। यदि आवेदन में कोई त्रुटि है, तो लाभुक को मार्गदर्शन देकर सुधार कराया जाए। डीएम ने बैंकों को ऋण आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए विशेष 'लोन मेला' आयोजित करने का भी निर्देश दिया।


बैठक में उप विकास आयुक्त शुभम कुमार, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


अनिल की रिपोर्ट