पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने पटना जंक्शन का किया निरीक्षण, अमृत भारत योजना व यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने पटना जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों सुविधाओं का जायजा लेने के साथ पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस के यात्रियों से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया...

ECR महाप्रबंधक ने पटना जंक्शन का किया निरीक्षण - फोटो : प्रिय दर्शन

Patna : पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने आज पटना जंक्शन का औचक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 01 और 10 का एक छोर से दूसरे छोर तक बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवर ब्रिज, टिकट काउंटर और एस्कलेटर सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की स्थिति देखी।


महाप्रबंधक ने पटना जंक्शन पर 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत जारी पुनर्विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने और यात्रियों को आधुनिक व सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। इस संबंध में उन्होंने संबंधित रेल अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।


निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक प्लेटफॉर्म संख्या 10 पर खड़ी पटना-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस में भी पहुंचे। उन्होंने ट्रेन का निरीक्षण करने के साथ-साथ उसमें यात्रा कर रहे यात्रियों से सीधे बातचीत की और रेल सेवाओं, साफ-सफाई तथा सुविधाओं को लेकर उनका फीडबैक प्राप्त किया।


इस अवसर पर दानापुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद कुमार सहित मंडल एवं मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महाप्रबंधक को स्टेशन पर चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट