Bihar Tender Scam: बिहार टेंडर घोटाला में IAS आनंद किशोर से ED ने 5 घंटे की पूछताछ,प्रशासनिक महकमे में हड़कंप

Bihar Tender Scam: बिहार के चर्चित टेंडर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच तेज हो गई है। ...

IAS आनंद किशोर से ED ने 5 घंटे की पूछताछ- फोटो : social Media

Bihar Tender Scam: बिहार के चर्चित टेंडर घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय  की जांच तेज हो गई है। इसी कड़ी में आईएएस अधिकारी आनंद किशोर बुधवार को पटना स्थित ईडी के कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई। दोपहर 3:30 बजे जांच एजेंसी के सामने पेश हुए आनंद किशोर रात 8:30 बजे कार्यालय से बाहर निकले। इस दौरान अधिकारियों ने उनसे सरकारी टेंडर, ठेकेदार रिशु श्री और उनकी कंपनियों से कथित संबंधों को लेकर कई सवाल किए।

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए पहले से ही सवालों की लंबी फेहरिस्त तैयार कर रखी थी। बताया जा रहा है कि ठेकेदार रिशु श्री के मोबाइल फोन से मिले कुछ चैट के आधार पर आनंद किशोर से सवाल-जवाब किए गए। ईडी यह जानने की कोशिश कर रही है कि टेंडर हासिल करने वाली कंपनियों और सरकारी अधिकारियों के बीच किस तरह के संपर्क थे तथा सरकारी कामकाज में किसी तरह की अनुचित मदद तो नहीं पहुंचाई गई।

सूत्रों के अनुसार, आनंद किशोर को ईडी ने पहली बार पूछताछ के लिए नोटिस भेजा था। इस पर उन्होंने एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित अवधि में वह पेश नहीं हुए। इसके बाद जांच एजेंसी ने उन्हें दूसरी बार नोटिस जारी किया। दूसरे नोटिस के बाद भी उनके उपस्थित नहीं होने पर तीसरी बार बुलावा भेजा गया। आखिरकार बुधवार को वह ईडी कार्यालय पहुंचे और जांच अधिकारियों के सवालों का सामना किया।

इससे पहले मंगलवार को आईएएस अधिकारी योगेश कुमार सागर से करीब 11 घंटे तक पूछताछ हुई थी। सुबह 10:30 बजे शुरू हुई पूछताछ रात 9:15 बजे तक चली। ईडी ने उनसे ठेकेदार रिशु श्री और उनकी कंपनी रिशुश्री के साथ कथित संबंधों को लेकर सवाल किए थे। परिवार के साथ विदेश यात्रा और सरकारी टेंडर में कंपनी को कथित लाभ पहुंचाने के आरोप भी जांच के दायरे में रहे।

ईडी के आरोपों के मुताबिक, योगेश कुमार सागर अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ ऑस्ट्रिया गए थे। इस यात्रा का खर्च कथित तौर पर रिशु श्री की कंपनी ने उठाया था। वियना, साल्जबर्ग और वोल्फगैंग की यात्रा पर कंपनी की ओर से 21.92 लाख रुपये खर्च किए जाने की बात सामने आई है। इसमें हवाई टिकट और विदेश में होटलों में ठहरने का खर्च शामिल बताया गया है। एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि इसके बदले कंपनी को सरकारी ठेके दिलाने में कोई मदद तो नहीं मिली।

इस मामले में बिहार के छह आईएएस अधिकारी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं। इनमें दो अधिकारियों को राज्य सरकार निलंबित कर चुकी है। ईडी सरकारी टेंडर आवंटन में कथित गड़बड़ियों, कंपनियों को मिले ठेकों और अधिकारियों के साथ उनके संबंधों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। आनंद किशोर से हुई पूछताछ को भी इसी व्यापक जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि और संबंधित अधिकारियों की भूमिका का अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।