Bihar News : बिहार के जंगलों और झीलों में निवेश की कवायद, एसीएस आनंद किशोर ने निवेशकों के साथ की हाई लेवल मीटिंग

Bihar News : बिहार को इको-टूरिज्म हब बनाने की पहल की गयी है. इसी कड़ी में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के एसीएस ने निवेशकों के साथ एक हाई-लेवल बैठक की......पढ़िए आगे

वन में निवेश की कवायद - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से रविवार को अरण्य भवन में निवेशकों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों एवं निवेशकों ने भाग लिया। बैठक में बिहार में इको टूरिज्म की अपार संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा राज्य में विश्वस्तरीय पर्यटन अवसंरचना विकसित करने की दिशा में विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम में विभाग के पीसीसीएफ हॉफ अरविंदर सिंह ने बताया कि भीमबांध परियोजना का आरएफपी पहले ही सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके साथ ही विभाग द्वारा ईओआई भी जारी किया गया है, जिसमें 27 डैम साइट्स तथा 247 तालाब एवं पोखर स्थलों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग इन स्थलों पर निजी निवेशकों को आमंत्रित करना चाहता है, ताकि बड़े पैमाने पर इकोटूरिज्म को विकसित किया जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग की योजना इन स्थलों को मानकों के अनुरूप विश्वस्तरीय अवसंरचना के साथ विकसित करने की है। इसके लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा और परियोजनाओं को “बिल्ड, ऑपरेट एंड ट्रांसफर” मॉडल पर संचालित किया जाएगा।

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य हाल ही में अपलोड किए गए आरएफपी एवं ईओआई के संबंध में निवेशकों और संबंधित पक्षों को जानकारी उपलब्ध कराना था। साथ ही आगामी 9 जून को आयोजित होने वाली बैठक के लिए उद्योग एवं व्यापार संगठनों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, सीआईआई तथा बड़े निवेशकों को आमंत्रित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। विभाग ने निजी निवेशकों से राज्य में इकोटूरिज्म विकास में सहयोग की अपील की।

बैठक में करीब 25 निवेशकों एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बिहार स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन  के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, विभाग के विशेष सचिव सह सीसीएफ आलोक कुमार, सीसीएफ श्री अमित, बिहार इकोटूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नेशामणि, वन संरक्षक (मुख्यालय) सत्यजीत कुमार, पटना जू के निदेशक हेमंत पाटिल, सहित विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।