Bihar News: बिजली विभाग की लापरवाही ने ली शख्स की जान! पेड़ की छंटाई के दौरान युवक के ऊपर गिरा तार, ग्रामीणों का बवाल

Bihar News: बिजली विभाग की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली है। बताया जा रहा है कि पेड़ की छंटाई के दौरान तार युवक के शरीर पर गिर गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने जबरदस्त बवाल किया। सड़क जामकर प्रदर्शन किया।

युवक की दर्दनाक मौत - फोटो : social media

Bihar News: बाढ़ NTPC थाना क्षेत्र के पचमहला गाँव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना NH 31 के किनारे स्थित एक पेड़ की छंटाई के दौरान हुई, जब युवक अचानक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की दर्दनाक मौत 

मृतक की पहचान प्रमोद कुमार के रूप में की गई है। हादसे की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों व परिजनों ने NH 31 को जाम कर दिया, जिससे पटना-मोकामा की ओर जाने-आने वाला यातायात प्रभावित हो गया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क को किया जाम

सूचना मिलते ही NTPC थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पंडारक प्रखंड के अंचलाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया और उचित कार्रवाई व मदद का भरोसा दिलाया। काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया जा सका।

बिजली विभाग की लापरवाही 

इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेजा गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली के तार नीचे और असुरक्षित हालत में थे, जिसकी जानकारी पहले भी दी गई थी, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया। लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए मृतक के परिवार को मुआवजा देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट