Bihar News : ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने किया 1912 कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण; अधिकारियों को ड्रॉप कॉल्स घटाने सहित दिए कई निर्देश

Bihar News : ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने ऊर्जा विभाग के आधुनिक कॉल सेंटर 1912 टॉल-फ्री कस्टमर केयर सेंटर का निरीक्षण किया. जहाँ मंत्री ने उपभोक्ता सेवा, अनुरक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की....पढ़िए आगे

1912 कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने आज पटना स्थित स्काडा भवन का दौरा किया। मंत्री यहाँ ऊर्जा विभाग के आधुनिक सेंट्रलाइज्ड कॉल सेंटर '1912 टॉल-फ्री कस्टमर केयर सेंटर' का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस उच्च स्तरीय निरीक्षण के दौरान मंत्री ने उपभोक्ता सेवा, बिजली आपूर्ति से जुड़े अनुरक्षण कार्यों और स्काडा प्रणाली के तहत राज्य में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

कॉल सेंटर के निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने खुद कमान संभाली और 1912 टॉल-फ्री सेवा के माध्यम से राज्य के कई जिलों के विद्युत उपभोक्ताओं से सीधे फोन पर बातचीत की। उन्होंने भागलपुर, दरभंगा, बांका, नवगछिया और पूर्णिया आदि सुदूर जिलों के उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर विभागीय सेवाओं का जमीनी फीडबैक लिया। इस दौरान मंत्री ने बीते दिनों दर्ज हुई शिकायतों के संदर्भ में उपभोक्ताओं से उनकी परेशानियों को समझा, जिसपर उपभोक्ताओं ने त्वरित निस्तारण के लिए ऊर्जा विभाग और मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

समीक्षा और निरीक्षण के उपरांत ऊर्जा मंत्री ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार के तमाम विद्युत उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि उपभोक्ताओं के हितों का संरक्षण करना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना ऊर्जा विभाग की सबसे पहली और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सेवाओं को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण उपभोक्ताओं के बीच '1912' हेल्पलाइन सेवा का बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सुदूरवर्ती इलाकों के लोगों को भी इसका पूरा लाभ मिल सके। इसके साथ ही, उन्होंने तकनीकी खामियों या व्यस्तता के कारण ड्रॉप होने वाले कॉल्स की संख्या को न्यूनतम करने के लिए विशेष ध्यान देने और तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की बात कही।

दौरे के अंत में मंत्री ने 1912 टॉल-फ्री सेवा और प्रत्येक मिनट के डेटा संग्रहण (डेटा कलेक्शन) की आधुनिक व्यवस्था पर गहरा संतोष व्यक्त किया, क्योंकि इस डेटा के माध्यम से भविष्य में उपभोक्ताओं को और बेहतर सेवा दी जा सकेगी। इसके साथ ही उन्होंने नवनिर्मित 'सहयोग टॉल-फ्री हेल्पलाइन 1100' और ऑपरेटर प्रशिक्षण हॉल का भी अवलोकन किया, जहाँ उन्होंने कॉल सेंटर एजेंटों की संवाद क्षमता को निखारने तथा सेवाओं में अत्यधिक पारदर्शिता लाने हेतु कई आवश्यक सुझाव दिए। इस मौके पर ऊर्जा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।