Bihar Polytechnic Admission: सिर्फ 5 रुपये में इंजीनियर बनने का मौका,AI-रोबोटिक्स तक की होगी पढ़ाई, बिहार के 46 पॉलिटेक्निक में एडमिशन ओपन, जानिए कैसे मिलेगा एडमिशन

Bihar Polytechnic Admission: बिहार के शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा एलान हुआ है, जिसने लाखों नौजवानों के ख्वाबों को नई उड़ान देने का रास्ता खोल दिया है।

सिर्फ 5 रुपये में इंजीनियरिंग की पढ़ाई!नामांकन शुरु- फोटो : reporter

Bihar Polytechnic Admission: बिहार के शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा एलान हुआ है, जिसने लाखों नौजवानों के ख्वाबों को नई उड़ान देने का रास्ता खोल दिया है। सूबे के सभी 46 सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। डीसीईसीई-2026 के जरिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का आगाज हो गया है, जिसकी आख़िरी तारीख 21 अप्रैल तय की गई है।

सरकार का यह कदम नौजवानों को तकनीकी शिक्षा से लैस करने की एक बड़ी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि फीस स्ट्रक्चर इतना किफायती रखा गया है कि आम घरों के बच्चे भी बिना किसी बोझ के अपने ख्वाब पूरे कर सकें। सालाना एडमिशन फीस महज 5 रुपये और ट्यूशन फीस सिर्फ 5 रुपये प्रति महीना तय की गई है। वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग तलबा के लिए पूरी पढ़ाई मुफ्त करने का इंतजाम भी किया गया है।

दाखिले मेरिट के आधार पर होंगे, जिसके लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। शिक्षा के मैदान में भी अब वक्त के साथ कदम मिलाते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और फायर टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक कोर्स शामिल किए गए हैं। यह साफ इशारा है कि सरकार अब सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि स्किल-बेस्ड एजुकेशन पर फोकस कर रही है।

इसके अलावा, 44 राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) की स्थापना कर दी गई है, जहां उभरती तकनीकों में स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी। शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रैक्टिकल लर्निंग और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड ट्रेनिंग इन संस्थानों की खास पहचान बनती जा रही है।

यह पहल युवाओं को रोजगारपरक बनाने और उन्हें अपने ही सूबे में बेहतर मौके देने की एक अहम चाल मानी जा रही है। अब देखना यह होगा कि कितने छात्र इस मौके का फायदा उठाकर अपने भविष्य को नई दिशा देते हैं।