इंसाफ अधिकार मंच के फहद जमां ने थामा कांग्रेस का हाथ, सदाकत आश्रम में बड़ा मिलन समारोह

मुजफ्फरपुर के सामाजिक कार्यकर्ता फहद जमां ने 17 समर्थकों के साथ पटना के सदाकत आश्रम में कांग्रेस की सदस्यता ली। कन्हैया कुमार और प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावारू भी रहे मौजूद।

फहद जमां ने थामा कांग्रेस का हाथ, सदाकत आश्रम में बड़ा मिलन समारोह- फोटो : Reporter

पटना स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में शनिवार को आयोजित एक विशेष मिलन समारोह के दौरान मुजफ्फरपुर के चर्चित सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता और इंसाफ अधिकार मंच के राज्य कोषाध्यक्ष सह आई.टी. सेल प्रभारी फहद जमां ने अपने 16 अन्य सहयोगियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावारू, प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. कन्हैया कुमार, प्रदेश महासचिव राशिद हुसैन चौधरी और राज्य सचिव दीनबंधु क्रांतिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे। कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में नसीम अख्तर, सफी अहमद, रिजवान सिद्दीकी और मो. निजामुद्दीन शामिल हैं।


छात्र और युवा आंदोलनों से देश में जगी नई उम्मीद: कृष्णा अल्लावारू

नव-आगंतुक सदस्यों का स्वागत करते हुए बिहार कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से देश में नफरत का माहौल बनाया गया है और भाजपा-संघ परिवार ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए सामाजिक ताने-बाने को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे दौर में देश के छात्र और युवा आंदोलनों ने जनता में नई उम्मीद जगाई है। मुजफ्फरपुर की सड़कों पर जनहित के मुद्दों के लिए लगातार संघर्ष करने वाले फहद जमां के पार्टी में आने से मुजफ्फरपुर सहित पूरे बिहार में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होकर उभरेगा।


नौजवान ही कांग्रेस का भविष्य, आपके कंधों पर पार्टी की बागडोर: राजेश राम

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और आज फहद जमां के साथ बड़ी संख्या में ऊर्जावान युवाओं का पार्टी में शामिल होना कांग्रेस के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने नए सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा ही कांग्रेस पार्टी का भविष्य हैं और आने वाले समय में पार्टी के संघर्षों और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने की मुख्य जिम्मेदारी इन्हीं मजबूत कंधों पर होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि यह नई टीम धरातल पर पार्टी को नई धार देगी।


मुस्लिम युवाओं और जनमुद्दों के लिए फहद का योगदान महत्वपूर्ण: कन्हैया कुमार

समारोह को संबोधित करते हुए NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. कन्हैया कुमार ने कहा कि फहद जमां ने इंसाफ अधिकार मंच के माध्यम से बिहार में मुस्लिम समाज से जुड़े संवेदनशील मुद्दों और UAPA जैसे कठोर कानूनों के खिलाफ मुखर होकर आवाज उठाई है। आतंकवाद के नाम पर गलत तरीके से फंसाए जाने वाले युवाओं को कानूनी और सामाजिक राहत दिलाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर उनकी गहरी समझ से पार्टी को काफी लाभ मिलेगा और बिहार के भीतर कांग्रेस न्याय तथा अधिकारों की लड़ाई में अगली कतार में नजर आएगी।