Khan Sir: खान सर पर कसा कानून का शिकंजा, फायरिंग कांड में गिरफ्तार होंगे या करेंगे सरेंडर , कोचिंग सेंटर बना हाई-वोल्टेज जोन

Khan Sir: पटना के चर्चित कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर पर फायरिंग कांड के बाद कानूनी शिकंजा लगातार कसता नजर आ रहा है। ....

खान सर पर कसा कानून का शिकंजा- फोटो : reporter

Khan Sir: पटना के चर्चित कोचिंग संचालक फैजल खान उर्फ खान सर पर फायरिंग कांड के बाद कानूनी शिकंजा लगातार कसता नजर आ रहा है। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई गोलीबारी और बवाल के मामले में दर्ज प्राथमिकी में अब खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसी के साथ उनकी संभावित गिरफ्तारी को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।

पटना पुलिस फिलहाल उनकी तलाश में जुटी हुई है। हालांकि आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वह कहां हैं। इस बीच उनके कोचिंग सेंटर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। दूसरी ओर, उनके समर्थक छात्र भी लगातार कोचिंग परिसर के आसपास मौजूद हैं, जिससे पूरे इलाके का माहौल संवेदनशील बना हुआ है।

पूरा विवाद बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के परिणाम के बाद शुरू हुआ बताया जा रहा है। आरोप है कि खान सर के संस्थान और प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर तोड़फोड़, पथराव और मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में ज्ञान बिंदु एकेडमी के संचालक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

मामले ने नया मोड़ तब लिया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें खान सर के दो सुरक्षा कर्मी हवा में फायरिंग करते दिखाई दिए। वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों सुरक्षा कर्मियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर गोली चलाई थी। इसी बयान के आधार पर कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच पटना पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे किसी भी कोचिंग संस्थान या अफवाह के बहकावे में न आएं और शांति बनाए रखें। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि खान सर अदालत का रुख करते हैं या पुलिस आगे कोई बड़ी कार्रवाई करती है। फिलहाल फायरिंग कांड ने बिहार के कोचिंग जगत में हलचल और सियासी-प्रशासनिक बहस दोनों को तेज कर दिया है।