Patna FIR against Tejashwi:तेजस्वी यादव और राजद विधायक पर FIR, PM मोदी को गाली देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज
वैशाली में आयोजित जनसभा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता को कथित रूप से गालियां देने के मामले में अब प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।...
Biha FIR against Tejashwi: बिहार की राजनीति में तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ एक बार फिर विवादों में फंस गई है। वैशाली में आयोजित जनसभा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता को कथित रूप से गालियां देने के मामले में अब प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पटना के गांधी मैदान थाना में यह शिकायत भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्ण सिंह कल्लू द्वारा दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तेजस्वी यादव और राजद विधायक मुकेश कुमार रोशन ने जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी की माता को अशोभनीय और आपत्तिजनक शब्दों से संबोधित किया। इसके साथ ही आरएसएस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई।
कृष्ण सिंह कल्लू ने कहा कि यह न केवल घोर निंदनीय कृत्य है, बल्कि बिहार की सभ्यता और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस आरोप पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने पलटवार किया। उनका कहना है कि तेजस्वी यादव की ‘बिहार अधिकार यात्रा’ को मिली जनता की अभूतपूर्व समर्थन से भाजपा घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी उन मुद्दों पर बोलने में असमर्थ हैं, जिन्हें तेजस्वी यात्रा में उठा रहे हैं। चितरंजन गगन ने इसे भाजपा द्वारा ध्यान भटकाने के लिए रची गई रणनीति और प्रपंच करार दिया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की चुनावी रणनीति का हिस्सा बनता जा रहा है। तेजस्वी यादव की लोकप्रियता और यात्रा के दौरान उठाए गए मुद्दे भाजपा के लिए चुनौती बने हैं। वहीं, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राजनीतिक तापमान और बढ़ सकता है, क्योंकि यह मामला न केवल व्यक्तिगत आरोप का है, बल्कि पार्टी और गठबंधन की सियासी पकड़ पर भी असर डालता है।