मोकामा टाल में आग का कहर, पलक झपकते ही राख हो गई किसानों की साल भर की मेहनत, कई बीघा गेहूं स्वाहा

मोकामा टाल में कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल के जल जाने से किसानों की पूरे सीजन की उम्मीदें भी राख में बदल गईं। कई बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर स्वाहा हो गई

Fire in Mokama Tal- फोटो : news4nation

Mokama :  पटना जिले के मोकामा टाल में शुक्रवार का दिन किसानों के लिए किसी डरावने सपने से कम नहीं रहा। घोसवरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गेहूं की लहलहाती खड़ी फसल में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सुनहरे खेत कुछ ही मिनटों में आग के भयंकर गोले में तब्दील हो गए।


जिस फसल को किसानों ने दिन-रात की मेहनत, पसीना और उम्मीदों से सींचा था, वही उनकी आंखों के सामने जलकर राख हो गई। खेतों में उठती लपटों के बीच किसानों की चीख-पुकार और बेबसी का मंजर दिल दहला देने वाला था। कोई अपनी फसल बचाने की कोशिश कर रहा था, तो कोई बस खड़ा होकर अपनी मेहनत को जलते हुए देख रो रहा था।

स्थानीय किसानों और मजदूरों ने पहले खुद ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन पछुआ हवा और बढ़ती गर्मी ने आग को और भड़का दिया। सूचना मिलने के बाद मोकामा से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई बीघा फसल पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

कटाई के लिए तैयार खड़ी फसल के इस तरह जल जाने से किसानों की पूरे सीजन की उम्मीदें भी राख में बदल गईं। यह सिर्फ फसल का नुकसान नहीं, बल्कि उन सपनों का भी अंत है, जिन्हें किसानों ने पूरे साल संजोकर रखा था।

हर साल गर्मी के मौसम में ऐसी घटनाएं किसानों की कमर तोड़ देती हैं। मोकामा टाल की यह आग एक बार फिर यह सवाल छोड़ गई है कि आखिर कब तक किसानों की मेहनत यूं ही आग की भेंट चढ़ती रहेगी?