छपरा में शोक की लहर: लोक गायक व संगीत शिक्षक शेखर सुमन का गंडक नदी से मिला शव

सारण के प्रसिद्ध लोक गायक और संगीत शिक्षक शेखर सुमन का शव 36 घंटे बाद गंडक नदी से बरामद हुआ। मानसिक तनाव से गुजर रहे शेखर सुमन ने मंगलवार रात रेवा पुल से नदी में छलांग लगा दी थी। उनके अचानक निधन से पूरे सारण और बिहार के संगीत प्रेमी स्तब्ध हैं।

लोक गायक व संगीत शिक्षक शेखर सुमन का गंडक नदी से मिला शव- फोटो : Reporter

सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभेपुर गांव निवासी 30 वर्षीय संगीत शिक्षक और लोक गायक शेखर सुमन का शव घटना के 36 घंटे बाद गंडक नदी से बरामद कर लिया गया। वह नगरा प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार रात वह अपनी कार से निकले थे और छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 स्थित दारोगा राय सेतु (रेवा पुल) पर कार खड़ी कर गंडक नदी में छलांग लगा दी थी।


एसडीआरएफ की खोजबीन और शव की पहचान

मंगलवार रात घर न लौटने और मोबाइल बंद मिलने पर परिजन खोजबीन करते हुए रेवा पुल पहुंचे, जहां कार लावारिस हालत में मिली। सूचना के बाद बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने नदी में काफी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं मिला। आखिरकार गुरुवार दोपहर मुहरिया गांव के पास स्थानीय लोगों ने तैरता हुआ शव देखा, जिसकी पहचान परिजनों ने शेखर सुमन के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।

सड़क दुर्घटना के बाद से मानसिक तनाव में थे शेखर

परिजनों के अनुसार, कुछ महीने पहले शेखर सुमन एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद से वह लगातार मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। अपने होनहार और जवान बेटे का शव मिलते ही मां गुंजा देवी सदमे से बार-बार बेहोश हो रही हैं, वहीं भाइयों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से पूरे शोभेपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


संगीत जगत में शोक की लहर और अपूरणीय क्षति 

अपनी सुरीली आवाज और गायकी से पूरे सारण जिले का नाम रोशन करने वाले शेखर सुमन के अचानक निधन से कला और संगीत जगत में गहरा शोक है। स्थानीय कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया है। सभी ने इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।


पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोग और प्रशासन पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में हर संभव सहयोग देने का प्रयास कर रहे हैं।

सारण से धर्मेन्द्र रस्तोगी की रिपोर्ट