Bihar News : पटना के ओम विहार रेस्टोरेंट में खाद्य संरक्षा इकाई की टीम ने की छापेमारी, तीन दिनों के लिए किया बंद, कई खाद्य सामग्री किये नष्ट

Bihar News : खाद्य संरक्षा इकाई ने बुधवार को पटना के कदमकुआं स्थित ओम विहार रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया। जहाँ जांच के बाद उसे तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया......पढ़िए आगे

रेस्टोरेंट में छापेमारी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : आम लोगों को शुद्ध, सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में लगातार छापेमारी कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को पटना के कदमकुआँ स्थित ओम विहार रेस्टोरेंट में छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई के मानकों का उल्लंघन और आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर जनस्वास्थ्य के हित में रेस्टोरेंट को तीन दिनों के लिए बंद किया गया। प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस निलंबित कर सुधार नोटिस भी जारी किया गया है।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जाँच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। साफ-सफाई के मानकों का उल्लंघन पाया गया और कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी नहीं मिली। छापेमारी के दौरान 2,850 रुपये मूल्य की 30 किलोग्राम चना दाल जब्त की गई। इस पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि का विवरण नहीं मिला। जाँच के लिए हल्दी पाउडर, पनीर और चना दाल के नमूने भी लिए गए।

कार्रवाई के दौरान गुड़ वाली चाय के सात पैकेट (कुल 3.5 किलोग्राम), एक किलोग्राम मटन की कलेजी, स्लाइस ब्रेड का एक पैकेट, दो किलोग्राम तैयार मिक्स वेज, तीन किलोग्राम पकी हुई मूंग दाल और दो किलोग्राम ‘क्लासिक चाउ’ नष्ट किए गए।

खाद्य संरक्षा इकाई की नियमित जाँच और त्वरित कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन मजबूत हो रहा है और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता मिल रही है।