पूर्व डीजीपी विनय कुमार को दी गई भव्य विदाई, मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में संभालेंगे नई जिम्मेदारी

पूर्व डीजीपी विनय कुमार को दी गई भव्य विदाई- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : बिहार पुलिस के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार की सेवानिवृत्ति के अवसर पर उनके सम्मान में एक भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार की पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।


इस अवसर पर महानिदेशक स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों में जितेंद्र सिंह गंगवार, जितेंद्र कुमार, कुंदन कृष्णन, पंकज दराद सहित पूर्व महानिदेशक (BSAP) ए.के. अंबेडकर तथा बिहार पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। समारोह में पुलिस विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक, उप महानिरीक्षक एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने भी उपस्थित होकर सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक विनय कुमार के प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।


समारोह के दौरान बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने विनय कुमार के कार्यकाल के दौरान उनके नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं पुलिस संगठन के प्रति अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय भावी जीवन की कामना की।

साथ ही, बिहार के मुख्य सूचना आयुक्त के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे विनय कुमार को उनके नए कार्य के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि उनका प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता नई भूमिका में भी उतनी ही प्रभावी साबित होगी।


यह समारोह न केवल एक पुलिस अधिकारी की शानदार सेवा-निवृत्ति का गवाह बना, बल्कि उनके द्वारा महकमे को दी गई अनुकरणीय सेवाओं के प्रति आभार प्रकट करने का भी एक बेहतरीन मंच साबित हुआ।


रंजीत की रिपोर्ट