Bihar CM Oath Ceremony: नीतीश के शपथ समारोह में पीएम मोदी और जनता बनेंगी गवाह, गांधी मैदान तैयार, मंच सज गया, सुबह कितने बजे से होगी इंट्री, जानिए

Bihar CM Oath Ceremony: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 10वीं बार शपथ लेंगे। सीएम नीतीश के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारी तेज है। 17 नवंबर से ही गांधी मैदान में आम लोगों की प्रवेश पर रोक लगी हुई है। हालांकि कल आम लोग प्रवेश कर सकेंगे...

गांधी मैदान में सीएम लेंगे शपथ - फोटो : social media

Bihar CM Oath Ceremony: बिहार में एनडीए को प्रचंड जीत मिलने के बाद अब नई सरकार के गठन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। 10 सालों के बाद पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान शपथ ग्रहण समारोह होना है। ऐसे में शपथ ग्रहण समारोह के लिए पटना का गांधी मैदान पूरी तरह तैयार है। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गुरुवार दोपहर 1:30 बजे नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। इसके बाद मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। समारोह दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक चलेगा, जबकि आम लोगों के लिए मैदान में प्रवेश सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगा।

10 बजे से आम लोगों का प्रवेश 

सोमवार से ही मैदान में आमद पर रोक लगा दी गई थी। इस दौरान बड़े पैमाने पर सफाई, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, अस्थायी शौचालय, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। पूरे मैदान को चार सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा के लिए 300 मजिस्ट्रेट और 3000 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की जा रही है। मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार के साथ गांधी मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। आम जनता का गाँधी मैदान में प्रवेश गेट सं. 5,6,7,8,9 एवं 10 से तथा मीडिया का प्रवेश गेट सं. 11 से होगा। आवश्यकतानुसार किसी भी प्रकार की सूचना 24*7 जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810/ 2219234) या डायल 112 पर दी जा सकती है।

प्रधानमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इनके आगमन को देखते हुए पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी मूवमेंट को सुचारू रखने के लिए एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक अलग-अलग ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिए गए हैं।

अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. ने शपथ ग्रहण समारोह तक जिले के अधिकारियों की सभी छुट्टियां रद्द कर दी हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों की तैनाती आवश्यक है। इसलिए जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर के सभी अधिकारियों सहित तकनीकी और पर्यवेक्षक स्तरीय अधिकारियों के अवकाश पर 20 नवंबर तक रोक लगा दी गई है।

मुख्यमंत्री और शीर्ष अधिकारियों ने की सुरक्षा समीक्षा

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार ने पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। आगमन एवं प्रस्थान क्षेत्र, वीवीआईपी लाउंज, पार्किंग ज़ोन और सुरक्षा बैरियर की गहन समीक्षा की गई। डीजीपी ने आश्वस्त किया कि एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

दस साल बाद गांधी मैदान में शपथ ग्रहण

गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह दस वर्ष बाद आयोजित हो रहा है। इससे पहले 2015 में इसी मैदान में शपथ ग्रहण हुआ था। एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने पहली बार वर्ष 2005 में गांधी मैदान में ही शपथ ली थी। इसके बाद 2010 और 2015 में भी यहां समारोह हुआ। साल 2020 में कोरोना काल के दौरान शपथ ग्रहण राजभवन में आयोजित किया गया था।