Patna Flood: मोकामा में गंगा का रौद्र रूप, पुराने सारे रिकार्ड टूटे, सात स्कूलों को किया गया बंद

Patna Flood: पटना में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है तो मोकामा इलाके में गंगा नदी का जलस्तर लगातार तेजी से बढ़ रहा है। ...

Patna Flood: पटना में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है तो  मोकामा इलाके में गंगा नदी का जलस्तर लगातार तेजी से बढ़ रहा है। हाथीदह में गंगा वर्ष 2021 के 43.52 मीटर के हाईएस्ट फ्लड लेवल (HFL) को पार कर  चुकी है। भारी बारिश और नेपाल से आने वाली नदियों के उफान ने बिहार में बाढ़ की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 

गंगा के बढ़ते पानी का असर अब सड़क से लेकर स्कूलों तक दिखाई देने लगा है। मोकामा के शिवनार, बरहपुर और मोर पश्चिमी इलाकों में बाढ़ का पानी NH-31 को पार कर चुका है। हाईवे पर 2 से 8 इंच तक पानी जमा है। वहीं महेंद्रपुर में NH-80 पर भी बाढ़ का पानी फैल गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।

हालात को देखते हुए जल संसाधन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने मोकामा समेत पटना के कई इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है। पटना के गांधी घाट पर गंगा पहले ही अपने HFL रिकॉर्ड को पार कर चुकी है, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।

बाढ़ का पानी मोकामा प्रखंड के कई विद्यालय परिसरों में भी प्रवेश कर गया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने सात स्कूलों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। इनमें कसहा दियारा मध्य विद्यालय, जंजीरा दियारा मध्य विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय नौरंगा-जलालपुर, मध्य विद्यालय धौरानी टोला, प्राथमिक विद्यालय शिवनार पश्चिमी टोला और प्राथमिक विद्यालय बरहपुर बिंद टोली समेत सात विद्यालय शामिल हैं।जंजीरा और कसहा दियारा विद्यालय को पहले ही बंद करने का आदेश दिया गया था। शनिवार को जलस्तर बढ़ने के बाद बाकी विद्यालय भी बंद कर दिए गए।

स्कूलों के शिक्षकों को आसपास के विद्यालयों में अटैच किया गया है, ताकि उनकी सेवाएं जारी रहें। वहीं बच्चे चाहें तो नजदीकी स्कूलों में जाकर पढ़ाई कर सकते हैं। प्रशासन के मुताबिक विद्यालय परिसर से पानी निकलने के बाद 24 घंटे के भीतर स्कूल खोलने का आदेश जारी किया जाएगा।