गौरव राय के प्रयास से जरूरतमंद महिला को मिली सिलाई मशीन, स्वरोजगार को मिला बढ़ावा

गौरव राय ने बताया कि यह सिलाई मशीन सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त तीन मशीनों में से एक है, जिसे जरूरतमंद महिला को स्वरोजगार के उद्देश्य से दिया गया है।

Gaurav Rai- फोटो : news4nation

Bihar News :  महिला सशक्तिकरण की पहल को बढ़ावा दे रहे पटना के गौरव राय के प्रयासों से बुधवार को एक बार फिर एक महिला को सिलाई मशीन प्रदान की गई। समाजसेवी  गौरव राय के कार्यालय में एक सराहनीय पहल के तहत मनेर के महाराज नगर की रहने वाली तन्नू कुमारी को स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन प्रदान की गई। यह मशीन प्रीति प्रिया द्वारा उन्हें सौंपी गई। कार्यक्रम में भावना भूषण सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रीति प्रिया ने गौरव राय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिलाई मशीन महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार के भरण-पोषण में सहयोग कर रही हैं।


गौरव राय ने बताया कि यह सिलाई मशीन सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त तीन मशीनों में से एक है, जिसे जरूरतमंद महिला को स्वरोजगार के उद्देश्य से दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिना किसी एनजीओ के वह समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मैट्रिक परीक्षा के बाद अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्रों के परिवारों को अब तक करीब 8 गैस चूल्हे भी वितरित किए जा चुके हैं। यह पहल सोशल मीडिया से जुड़े सहयोगियों, जैसे सिद्धार्थ श्रीवास्तव और मृणाल ओझा के सहयोग से संभव हो पाई है।


गौरव राय ने बताया कि उनके इस अभियान के तहत अब तक लगभग 780 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मदद पहुंचाई जा चुकी है। इसमें साइकिल, सिलाई मशीन, सैनिट्री पैड वेंडिंग मशीन और अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण शामिल है। इसके अलावा, पूरे बिहार में करीब 12,000 जूते-चप्पल भी बच्चों के बीच वितरित किए गए हैं। 


उन्होंने कहा कि वर्तमान में वह लगभग 78 बच्चों की शिक्षा और आवश्यक जरूरतों में नियमित सहयोग कर रहे हैं। निजी कंपनी में कार्यरत गौरव राय सिवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड के सुघरी गांव के निवासी हैं और वर्तमान में पटना में रहते हैं। वे अब तक 105 बार रक्तदान कर चुके हैं और युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करते हैं। गौरव राय का कहना है कि उनका उद्देश्य सही जरूरतमंदों की पहचान कर उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है, और इस अभियान में देश-विदेश से लोग सोशल मीडिया के जरिए जुड़कर सहयोग कर रहे हैं।