Bihar News : पटना में हेली टूरिज्म का क्रेज, आसमान से राजधानी को निहारने का मिल रहा मौका, अब तक इतने लोगों ने कराई बुकिंग

Bihar News : बिहार सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा शुरू की गई 'पटना हेली जॉयराइड' सेवा पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बन गई है........पढ़िए आगे

हेली टूरिज्म का क्रेज - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार में पर्यटन स्थलों को अब लोग आसमान से भी निहार सकते हैं। अब आसमान से भी पटना की खूबसूरती निहारने का रोमांचक अवसर सरकार दे रही है। हेली टूरिज्म के तहत शुरू किया गया पटना हेली जॉयराइड लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बन रही है। अब तक इसकी 476 बुकिंग हो चुकी हैं, जबकि 360 लोग इस रोमांचक हवाई सफर का आनंद ले चुके हैं।

कुछ मिनटों की उड़ान, जीवनभर की यादें

पटना की सड़कों, ऐतिहासिक स्थलों और गंगा की खूबसूरती को आसमान से भी देखने का अनुभव प्राप्त कर सकते हैं। यह एक अलग तरह का रोमांचक अनुभव है। हेलीकॉप्टर से उड़ान भरते ही पटना का विस्तृत दृश्य सामने आता है और गंगा की धारा के साथ शहर का बदला हुआ स्वरूप पर्यटकों को रोमांचित करता है। हेली जॉयराइड खासकर परिवारों, युवाओं और पहली बार हेलीकॉप्टर की सवारी करने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। कई लोगों के लिए यह सिर्फ एक जॉयराइड नहीं, बल्कि बिहार में पहली बार हवाई पर्यटन का अनुभव लेने का यादगार मौका बन रहा है।

पर्यटन में रोमांच का नया अध्याय

बिहार सरकार पर्यटन को नए अनुभवों से जोड़ने की दिशा में लगातार पहल कर रही है। इसी कड़ी में हेली टूरिज्म की शुरुआत राज्य में पर्यटन के पारंपरिक स्वरूप से आगे बढ़कर एडवेंचर और एक्सपीरियंस आधारित टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पटना हेली जॉयराइड को मिल रहा रिस्पांस बताता है कि पर्यटक अब केवल पर्यटन स्थलों को देखने नहीं, बल्कि उन्हें एक नए अंदाज में महसूस करने के इच्छुक हैं। आसमान से पटना को देखने का यह अनुभव शहर की पर्यटन पहचान को एक नया आयाम दे रहा है।

476 बुकिंग, 360 यात्रियों ने भरी उड़ान

हेली जॉयराइड के प्रति लोगों की बढ़ती दिलचस्पी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक 476 बुकिंग दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें से 360 लोग हेली जॉयराइड के जरिए पटना को आसमान से देखने का अनुभव हासिल कर चुके हैं। लगातार बढ़ती बुकिंग से संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में भी इस सेवा के प्रति लोगों का उत्साह बना रहेगा।

बिहार के पर्यटन को मिल रहा नया अनुभव

हेली टूरिज्म के जरिए बिहार के पर्यटन को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में राज्य के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी ऐसे नए पर्यटन अनुभवों से जोड़ने की संभावनाएं पर्यटन क्षेत्र को और गति दे सकती हैं। पटना हेली जॉयराइड इस दिशा में एक ऐसी पहल के रूप में सामने आया है, जहां कुछ मिनटों की उड़ान पर्यटकों को पटना की खूबसूरती को एक बिल्कुल नए नजरिए से देखने का मौका दे रही है। यही नया अनुभव अब बिहार के पर्यटन को नई ऊंचाई देने की ओर बढ़ रहा है।

बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा

हेली जॉयराइड पर्यटकों को बिहार की खूबसूरती को एक नए नजरिए से देखने का अवसर दे रहा है। पर्यटकों की बढ़ती रुचि यह दर्शाती है कि बिहार में एक्सपीरियंस बेस्ड टूरिज्म की काफी संभावनाएं हैं। हमारा प्रयास है कि पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं और नए अनुभवों से जोड़कर बिहार को देश-विदेश के पर्यटकों के लिए और आकर्षक बनाया जाए।