Bihar News : ‘हम’ ने नीतीश कुमार के पुत्र निशांत का राजनीति में किया स्वागत, श्याम सुंदर शरण ने कहा- पिता की विरासत के असली साबित होंगे उत्तराधिकारी

Bihar News : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा ने नीतीश कुमार के पुत्र निशांत का जदयू में स्वागत किया है. उन्होंने कहा की निशांत अपने पिता के विरासत को आगे बढ़ाएंगे......पढ़िए आगे

निशांत का स्वागत - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार का राजनीति के क्षेत्र में पुरजोर स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि निशांत न केवल अपने पिता नीतीश कुमार के विकासवादी विजन को आगे बढ़ाएंगे, बल्कि वे महान समाजवादी नेता लोहिया और कर्पूरी ठाकुर की विरासत के असली उत्तराधिकारी साबित होंगे। शरण ने निशांत की सादगी और उनके आध्यात्मिक झुकाव की प्रशंसा करते हुए उन्हें बिहार की राजनीति के लिए एक 'नजीर' बताया।

राजद और परिवारवाद पर तीखा प्रहार

राजद नेतृत्व पर सीधा हमला बोलते हुए श्याम सुंदर शरण ने कहा कि निशांत कुमार उन लोगों की तरह नहीं हैं जो 'चारा चोर' या 'अलकतरा चोर' के वारिस कहलाते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि निशांत न तो भ्रष्टाचार के आरोपों में बेल पर बाहर हैं और न ही उन्होंने उम्र का कोई घोटाला करके विधायक का पद हासिल किया है। यह बयान सीधे तौर पर राजद के शीर्ष नेताओं और उनके पुत्रों की कार्यशैली पर एक गंभीर राजनीतिक प्रहार माना जा रहा है।

सत्ता के मोह से दूर एक सशक्त व्यक्तित्व

श्याम सुंदर शरण ने इस बात पर जोर दिया कि एक बेहद ताकतवर मुख्यमंत्री के बेटे होने के बावजूद निशांत ने कभी सत्ता का अहंकार नहीं दिखाया। 50 वर्ष की आयु में भी उनकी पहचान एक सादगी पसंद इंसान की है। प्रवक्ता ने कहा कि निशांत अब बिहार की राजनीति में "राजद के गुंडों को शांत" करने का काम करेंगे, जो राज्य की शांति और विकास में बाधक बने हुए हैं।

NDA के वरिष्ठ नेताओं का समर्थन

बयान में यह स्पष्ट किया गया कि निशांत कुमार को एनडीए (NDA) के तमाम वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद प्राप्त है। शरण के अनुसार, जिस तरह से नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की एक लंबी लकीर खींची है, निशांत उस विकास की गति को और अधिक तीव्र करेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए का हर कार्यकर्ता और नेता निशांत के आने से उत्साहित है और उन्हें भविष्य के नेतृत्व के रूप में देख रहा है।

बिहार की राजनीति में नए अध्याय की शुरुआत

अंत में, 'हम' प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि निशांत कुमार का सक्रिय राजनीति की ओर कदम बढ़ाना बिहार के लोकतंत्र के लिए सुखद संकेत है। उन्होंने कहा कि जहाँ एक तरफ भ्रष्टाचार और अराजकता की विरासत है, वहीं दूसरी तरफ निशांत के रूप में शुचिता और विकास की राजनीति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। हम (से.) परिवार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।