Bihar News : सहरसा सदर अस्पताल रिपोर्टिंग विवाद, स्वास्थ्य विभाग ने गठित की उच्चस्तरीय जांच समिति, विशेष सचिव की अध्यक्षता में होगी पड़ताल
Bihar News : सहरसा सदर अस्पताल में समाचार संकलन (न्यूज रिपोर्टिंग) के दौरान हुई अप्रिय घटना के मामले को बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है.......पढ़िए आगे
PATNA : सहरसा सदर अस्पताल में न्यूज रिपोर्टिंग के दौरान हुई अप्रिय घटना के मामले को बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से लिया है। जिला प्रशासन सहरसा से प्राप्त प्रतिवेदन और बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ (BHSA), पटना द्वारा की गई मांग के आलोक में विभाग ने मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा समीक्षा के उपरांत घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल के लिए एक राज्य स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया गया है।
गठित की गई विशेष जांच समिति की अध्यक्षता स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव को सौंपी गई है। समिति के निष्पक्ष और प्रभावी कामकाज को सुनिश्चित करने के लिए इसमें स्वास्थ्य सेवाएं के निदेशक प्रमुख तथा स्वास्थ्य विभाग, पटना के संयुक्त सचिव को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह उच्चस्तरीय टीम सहरसा में हुई पूरी घटना की कड़ियों को आपस में जोड़कर मामले की गहराई से पड़ताल करेगी।
विभाग की ओर से गठित जांच समिति को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि वह विषयगत मामले से जुड़े सभी उपलब्ध साक्ष्यों, बयानों और रिपोर्टों का बारीकी से अवलोकन व समीक्षा करे। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद समिति को निर्देश दिया गया है कि वह बिना किसी विलंब के अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को जल्द से जल्द सौंपे।
उल्लेखनीय है कि सहरसा सदर अस्पताल में कवरेज के दौरान पत्रकार और अस्पताल प्रशासन के बीच हुई घटना के बाद चिकित्सकों के संगठन 'बीएचएसए' ने विभागीय जांच कराने का अनुरोध किया था। अब जांच समिति के गठन से यह उम्मीद जताई जा रही है कि पूरी घटना की सच्चाई सामने आएगी और रिपोर्ट के आधार पर विभाग आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।