पटना में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की शराब पार्टी, छलकाया जाम, सिगरेट के धुएं का छल्ला बनाकर शराबबंदी की उड़ाई धज्जियां !
एक ओर जहां बिहार में शराबबंदी को लेकर राज्य सरकार की ओर से कई बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर बिहार सरकार के अधिकारी ही शराबबंदी की धज्जियां उड़ा रहे हैं.
Bihar News : बिहार में भले ही शराबबंदी हो लेकिन राज्य में हर जगह शराब की तस्करी होने और राज्य के अधिकारियों और कर्मियों के भी शराब पीने की खबरें अक्सर आती हैं. यहां तक कि राजधानी पटना में भी बेरोकटोक शराब पार्टी का सिलसिला होता है. ऐसा ही एक वीडियो वायरल है जिसमें राज्य के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों द्वारा शराब पार्टी की जा रही है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो होली के आसपास का है जिसमें पटना के स्वास्थ्य विभाग से के अधिकारियों की शराब पार्टी हो रही है.
वीडियो में दिख रहा है कि लोगों के हाथों में गिलास है जिसमें शराब जैसा पेय है. इतना ही नहीं टेबल के नीचे शराब की बोतल भी वीडियो में दिख रही है. वहीं टेबल पर सिगरेट के डिब्बे हैं. साथ ही प्लेट में चखना किस्म का कुछ खाद्य है जिसे बड़े चाव से शराब पीने के साथ खाया जा रहा है. वीडियो में पूरे मजे से लोग शराब जैसे पेय का मजा ले रहे हैं. यानी भले ही बिहार में शराबबंदी हो लेकिन राजधानी पटना में ही सरकारी अधिकारियों द्वारा शराब पार्टी की जा रही है.
वीडियो में दिख रहे शख्स के बारे में दावा किया जा रहा है वे जिला स्वास्थ्य समिति पटना के जिला मुल्यांकन पदाधिकारी भानू शर्मा हैं. वहीं एक अन्य शख्स जिला स्वास्थ्य समिति पटना में डाटा ओपरेटर मनिन्द्र कुमार बताए जा रहे हैं. दावा किया गया है कि शराब पार्टी आर.पी.एस मोर पटना के पास आयोजित था. ऐसे में एक ओर जहां बिहार में शराबबंदी को लेकर राज्य सरकार की ओर से कई बड़े दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर बिहार सरकार के अधिकारी ही शराबबंदी की धज्जियां उड़ा रहे हैं.
हालांकि news4nation वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता. लेकिन राज्य में आए दिन सरकारी कर्मियों की मिली भगत से शराबबंदी को कमजोर करने की कोशिश लगातार जारी है.