बिहार विधान परिषद में स्वास्थ्य संवाद: प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह ने प्रोस्टेट कैंसर और बचाव पर दिया व्याख्यान

बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह के आमंत्रण पर विधान परिषद में सभागार में स्वास्थ्य संवाद का आयोजन। इस संवाद में प्रसिद्ध यूरोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह ने प्रोस्टेट कैंसर और बचाव पर व्याख्यान दिया...

बिहार विधान परिषद में स्वास्थ्य संवाद- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : बिहार विधान परिषद के उपभवन सभागार में शनिवार को एक विशेष स्वास्थ्य व्याख्यान का आयोजन किया गया। परिषद के माननीय सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह के विशेष आमंत्रण पर गुजरात के नाडियाड स्थित प्रसिद्ध मूलजीभाई पटेल यूरोलॉजिकल अस्पताल के सुप्रसिद्ध मूत्ररोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक सिंह ने अपना व्याख्यान दिया। इस दौरान डॉ. सिंह ने प्रोस्टेट कैंसर और प्रोस्टेट से जुड़ी अन्य बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।


व्याख्यान को संबोधित करते हुए डॉ. अभिषेक सिंह ने कहा कि 50 से 60 वर्ष की आयु के पुरुषों को नियमित रूप से प्रोस्टेट की जांच करानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समय रहते बीमारी की पहचान होने से इसका इलाज बेहद कारगर और सरल हो जाता है। डॉ. सिंह ने बताया कि प्रोस्टेट की शुरुआती जांच न केवल आसान है बल्कि काफी सस्ती भी है, इसलिए इसमें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।


आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों की चर्चा करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि अब प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों का उपचार 'रोबोटिक तकनीक' के माध्यम से किया जा रहा है। इस अत्याधुनिक तकनीक की मदद से ऑपरेशन बड़ी सहजता से होता है, जिससे मरीजों को कम रक्तस्राव और कम दर्द का सामना करना पड़ता है। साथ ही, मरीज बहुत कम समय में स्वस्थ होकर अपने दैनिक कार्यों पर लौट जाते हैं।


कार्यक्रम के दौरान सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह ने डॉ. अभिषेक सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे मूल रूप से बिहार के ही रहने वाले हैं, इसलिए उनका यहां के लोगों से विशेष लगाव है। सभापति ने इस व्याख्यान को अत्यंत जनोपयोगी बताते हुए अपना व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किया और कहा कि उन्होंने स्वयं अपना ऑपरेशन डॉ. सिंह से ही करवाया है। इस संवाद को सदन के सदस्यों और पदाधिकारियों के लिए काफी लाभकारी बताया गया।


इस गरिमामय अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन विधान परिषद के माननीय उप सभापति प्रो॰ (डॉ॰) रामवचन राय ने किया। कार्यक्रम में विधान परिषद के सदस्य डॉ. संजीव कुमार सिंह, श्री महेश्वर सिंह, श्री विजय कुमार सिंह सहित प्रभारी सचिव श्री शंकर कुमार और परिषद के कई वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन प्रतिनिधियों के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाना था।


वंदना की रिपोर्ट