स्वास्थ्य मंत्री निशांत का बड़ा फैसला, डॉक्टरों-नर्सों को बड़ी चेतावनी, सभी सरकारी अस्पतालोंकी CCTV कैमरे से होगी 24x7 निगरानी

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों की व्यवस्था सुधारना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार निगरानी की जाएगी। मुख्य रूप से डॉक्टरों और नर्सों की समय पर उपस्थिति पर जोर दिया जाएगा

Health Minister Nishant - फोटो : news4nation

Nishant :  बिहार के सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने के लिए स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में जल्द ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए पटना स्थित कंट्रोल रूम से अस्पतालों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। 


बुधवार को पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में जनता दरबार के दौरान आम लोगों की समस्याएं सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कई अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ के समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने की शिकायतें मिलती रहती हैं। इसे गंभीर समस्या बताते हुए उन्होंने कहा कि सीसीटीवी निगरानी के जरिए कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई होगी।


दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित हो 

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में कुल 504 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध कराने का प्रावधान है, लेकिन फिलहाल करीब 350 तरह की दवाइयों का ही वितरण हो रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी निर्धारित दवाइयों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


MRI और CT स्कैन मशीनों की होगी नियमित निगरानी

निशांत ने कहा कि अस्पतालों में एमआरआई, सीटी स्कैन और अन्य जरूरी मशीनों के संचालन और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि अस्पताल में मशीनें मौजूद हों, लेकिन महीनों या वर्षों तक बंद पड़ी रहें। यदि किसी अस्पताल में तकनीशियन या ऑपरेटर की कमी है, तो उनकी नियुक्ति की जाएगी, ताकि मरीजों को जांच के लिए भटकना न पड़े।


ट्रामा सेंटर बनाने की घोषणा 

बिहार में लगातार हो रहे सड़क हादसे को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने बड़ा ऐलान किया है। निशांत कुमार ने कहा कि हम जल्द नेशनल हाईवे/स्टेट हाईवे पर 100 एम्बुलेंस लगाने जा रहे हैं। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर बनाने की भी बात हो रही है। इसके तहत 11 लेबल 3 का ट्रामा सेंटर बनाने की बात चल रही है  जबकि 5 लेबल 3 का अस्पताल बनाने की भी बात हो रही है।


अस्पतालों का निरीक्षण जारी रहेगा

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों की व्यवस्था सुधारना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने पटना के पीएमसीएच का दौरा किया था, जहां व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने नाराजगी भी जताई थी। उन्होंने कहा कि आगे भी वे इसी तरह राज्य के विभिन्न अस्पतालों का औचक निरीक्षण करते रहेंगे, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

नरोत्तम की रिपोर्ट