Bihar News : मुजफ्फरपुर अस्पताल अग्निकांड पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जताया गहरा दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता और जांच के दिए निर्देश

Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में हुए अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी शोक-संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिजनों के साथ हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताया दुःख - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक निजी अस्पताल में आग लगने की भीषण घटना पर राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गहरा दुख व्यक्त किया है। स्वास्थ्य मंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी शोक-संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने राहत कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के विशेष निर्देश पर इस अग्निकांड के मृतकों के आश्रितों को तत्काल 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही, हादसे में झुलसे और घायल हुए लोगों के समुचित इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय जिला प्रशासन को सभी आवश्यक कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। घायलों के उपचार के लिए मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल सहित अन्य स्थानीय स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा राजधानी पटना में भी पर्याप्त और विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने स्वयं मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी से फोन पर वार्ता कर घटना की बिंदुवार विस्तृत जानकारी ली है। उन्होंने जिलाधिकारी और सिविल सर्जन को निर्देश दिया है कि वे संयुक्त रूप से इस पूरे मामले की गहन जांच कर जल्द से जल्द विस्तृत प्रतिवेदन (रिपोर्ट) विभाग को उपलब्ध कराएं। मंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि इस पूरी दुर्घटना में जिस किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाएगी, उन दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अस्पताल प्रबंधन या किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की ओर से सुरक्षा मानकों को लेकर बरती गई ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की है कि राज्य के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों का नए सिरे से 'फायर ऑडिट' कराया जाएगा और अग्निशमन अधिकारियों के माध्यम से सभी सुरक्षा मानकों की कड़ाई से जांच की जाएगी।

इस दु:खद घटना के बाद मुजफ्फरपुर से लेकर पटना तक का प्रशासनिक महकमा पूरी तरह मुस्तैद है। स्थानीय प्रशासन अस्पताल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों और फायर सेफ्टी एनओसी की भी जांच कर रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने पीड़ित परिवारों को आश्वस्त किया है कि सरकार इस संकट की घड़ी में पूरी तरह उनके साथ खड़ी है और घायलों की जान बचाने के साथ-साथ पीड़ितों को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।