Patna News:तेज रफ्तार का कहर, अज्ञात वाहन ने ली होमगार्ड जवान की जान, ड्यूटी से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
Patna News: पटना में रफ्तार का कहर कम होता नहीं दिख रहा है। रफ्तार की रफ्तार ने होमगार्ड जवान की जान ले ली है।...
Patna News: पटना में रफ्तार का कहर कम होता नहीं दिख रहा है। रफ्तार की रफ्तार ने होमगार्ड जवान की जान ले ली है। पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवान दिनेश कुमार की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे जवान को तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
मृतक की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के अजवां बथानीपर गांव निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। वह गृह रक्षा वाहिनी में कार्यरत थे और वर्तमान में खगौल स्थित सिंचाई विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार की रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह किसी जरूरी काम से नौबतपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बिहटा-सरमेरा मुख्य मार्ग पर अजवां गांव के समीप एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दिनेश कुमार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सड़क पर घायल पड़े जवान को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उन्हें दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि दिनेश कुमार बेहद मिलनसार, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे, जिनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मंगलवार को परिजन शव लेकर नौबतपुर थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र सैन कुमार के आवेदन पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार चालक की पहचान के लिए विशेष टीम जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक का पता लगाकर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- सुमित कुमार