Patna Crime: 3 बाइक पर आए 10 बदमाशों ने युवक पर चलाईं गोलियां,दोनों पैरों में लगी गोली, PMCH रेफर

पटना के लसूना थाना क्षेत्र के डोमाचक गांव में दोपहर में हुए विवाद को लेकर शाम को 3 बाइक पर सवार होकर आए 8-10 बदमाशों ने अरुण कुमार पर फायरिंग कर दी। गोली अरुण के दोनों पैरों में लगी है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए PMCH रेफर

पटना के डोमाचक गांव में युवक को मारी गोली- फोटो : Reporter

पटना जिले के लहसुना थाना क्षेत्र के डोमाचक गांव में आपसी विवाद को लेकर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया है। घटना 9 जुलाई 2026 की शाम करीब सवा छः बजे की है। पीड़ित युवक की पहचान डोमाचक निवासी अरुण कुमार (पिता: लालबाबू पासवान) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोपहर में कुछ लड़कों के साथ अरुण का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया।


तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए थे 8-10 हमलावर

दोपहर में हुए विवाद का बदला लेने के लिए शाम को करीब 8 से 10 की संख्या में अपराधी तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर डोमाचक गांव पहुंचे। आरोपियों ने अरुण कुमार को देखते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और इसी दौरान उन लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली अरुण के दोनों पैरों में जा लगी, जिससे वह वहीं पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए।


गंभीर हालत में PMCH रेफर, स्थिति खतरे से बाहर

गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लहसुना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जख्मी अरुण को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मसौढ़ी में भर्ती कराया। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।


अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए FSL और टेक्निकल टीम रेडी, जांच तेज

इस सनसनीखेज वारदात के बाद लसूना थाना पुलिस अलर्ट मोड पर है। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (FSL) टीम और टेक्निकल टीम को सूचित कर दिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों को चिन्हित कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।