पटना बाईपास पर थार सवार की दबंगई! नशे में धुत जवान पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश, पुलिस ने डंडा मारकर रोकी रफ्तार, शीशे टूटे, आरोपी युवक घायल
Patna Thar Hit and Run Case: पटना के रामकृष्णा नगर थाना अंतर्गत जगनपुरा चौराहा बाईपास पर नशे में धुत एक थार सवार ने पुलिसकर्मियों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने डंडा मारकर गाड़ी को रोका और आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पटना के रामकृष्णा नगर थाना अंतर्गत जगनपुरा चौराहा बाईपास पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक थार (SUV) सवार युवक ने पुलिसकर्मियों की जान लेने की कोशिश की। चौराहे पर क्रॉसिंग पार करने के दौरान युवक तेज रफ्तार में जबरन गाड़ी निकालने लगा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो रुकने के बजाय उसने पुलिस बल पर ही गाड़ी चढ़ाने का दुस्साहस किया।
पुलिस ने डंडा मारकर रोकी रफ्तार: चकनाचूर हुए SUV के शीशे
थार सवार की इस जानलेवा हरकत को देख पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाई और अपनी रक्षा करते हुए गाड़ी पर डंडे बरसाकर उसे जबरन रोका। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में थार के शीशे चकनाचूर हो गए। गाड़ी रुकते ही पुलिस ने युवक को केबिन से बाहर निकाला। इस पूरी धक्का-मुक्की और शीशे टूटने की घटना में आरोपी युवक भी आंशिक रूप से घायल हो गया है।
जगनपुरा चौराहे पर मची अफरा-तफरी
शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक अत्यधिक नशे में था, जिसके कारण वह गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो चुका था और पुलिस से उलझ बैठा। व्यस्त जगनपुरा बाईपास चौराहे पर सरेआम हुई इस घटना के बाद सड़क पर गाड़ियों की कतारें लग गईं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया।
आरोपी युवक हिरासत में: गाड़ी जब्त कर कानूनी कार्रवाई तेज
रामकृष्णा नगर थाना पुलिस ने थार गाड़ी को तुरंत जब्त कर लिया है और घायल आरोपी युवक को हिरासत में लेकर इलाज व मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराबबंदी वाले राज्य में नशे में गाड़ी चलाने और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला करने के आरोप में युवक के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।
रिपोर्ट - रोहित कुमार