नीतीश कुमार के सामने दिल्ली में भारी हंगामा, भाजपा का सीएम बनाये जाने का शूरू हुआ विरोध, संजय-ललन के लिए बड़ी मांग

huge uproar in Delhi in front of Nitish Kumar - फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के बाद शुक्रवार को दिल्ली में जमकर हंगामा हुआ. नीतीश कुमार के सामने ही दिल्ली में जदयू कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया और बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी जदयू के पास रखने की मांग की. नीतीश कुमार के बाद बिहार की सत्ता भाजपा के हाथों में जाने को लेकर जदयू के एक धड़े के भीतर नाराजगी है. उनका मानना है कि भाजपा का सीएम बनने से बिहार में जदयू की राह आसान नहीं रह जाएगी. इसलिए वे चाहते हैं कि नीतीश कुमार के बाद भी जदयू के पास ही मुख्यमंत्री की कुर्सी रहे. 


जदयू कार्यकर्ताओं ने अपनी इसी मांग को लेकर दिल्ली में हंगामा किया. जैसे ही नीतीश कुमार अपनी गाड़ी से जाने लगे जोरदार नारेबाजी और हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की कि निशांत को बिहार का अगला सीएम बनाया जाए. अगर ऐसा नहीं होता तो संजय झा को सीएम की कुर्सी दी जाए. या फिर ललन सिंह को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाया जाए. लेकिन इनके अतिरिक्त भाजपा के पास सीएम की कुर्सी नहीं जानी चाहिए. इसे लेकर कुछ समय तक अफरातफरी जैसी स्थिति बनी रही. 


दरअसल, नीतीश कुमार ने आज ही राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली है. अब माना जा रहा है कि वे 13 अप्रैल को कैबिनेट बैठक के बाद राज्यपाल को इस्तीफा सौपेंगे. उसके बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होगी. दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की बैठक भी होने वाली है जिसमें अगले सीएम के नाम को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है. सूत्रों का कहना है कि 15 अप्रैल को बिहार के अगले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा. 


वहीं इसके पहले ही जदयू कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा कर नीतीश कुमार पर अपनी तरह से खास दबाव बनाना शुरू कर दिया है. इसके पहले भी जदयू के कई नेताओ ने नीतीश के बाद निशांत को बिहार का अगला सीएम बनाने की मांग की थी.