Bihar News: बिहार में बढ़ा मानव तस्करी का खतरा ! 6 महीने में 100 से अधिक लड़कियां लापता, चौंका देंगे आंकड़ें

Bihar News: बिहार में मानव तस्करी का खतरा बढ़ता जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 6 महीने में राज्य की 100 से अधिक लड़कियां लापता हुई हैं। इन लड़कों को कई बहाने से लेकर तस्कर गए हैं...

6 महीने में 100 लड़कियां गायब - फोटो : social media

Bihar News: बिहार के जिलों में मानव तस्करी का खतरा तेजी से बढ़ता दिख रहा है। यह खतरा उन जिलों में सबसे अधिक है जो जिले नेपाल से सटे हैं। खबरों की मानें तो पिछले छह महीनों में 100 से अधिक लड़कियों के गायब होने के मामले ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। यह मामला अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग तक पहुंच चुका है। इस मामले में दोनों स्तरों पर याचिका दायर करते हुए अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी गिरोहों की गतिविधियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

6 महीने में 100 लड़कियां गायब 

दरअसल, अधिवक्ता झा के मुताबिक, मोतिहारी, रक्सौल और आसपास के बॉर्डर इलाकों में सक्रिय तस्कर गिरोह लड़कियों को नेपाल, चीन, ब्राजील, सऊदी अरब सहित कई देशों में करोड़ों रुपये में बेच रहे हैं। जुलाई से नवंबर 2025 तक रक्सौल अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से क्रमशः 10, 3, 4, 18, 17, 15 और 15 लड़कियां लापता हुईं। इनमें कुछ विवाहित महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि नशा कारोबारियों द्वारा भी लड़कियों का इस्तेमाल अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में किया जा रहा है।

लड़कियों को भेजा जाता है विदेश 

याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि लड़कियों को शादी, सरोगेसी, बच्चे को दूध पिलाने, देह व्यापार और बॉडी पार्ट्स की खरीद-फरोख्त जैसे कार्यों के लिए विदेश भेजा जाता है। कई मामलों में लड़कियों को झूठे वादों के जरिए फंसाकर अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय रूप से इन देशों तक पहुंचा रहा है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि अब तक लापता हुई लड़कियों में से केवल करीब एक दर्जन को ही रेस्क्यू किया जा सका है। इनमें चार लड़कियां एक ही परिवार की थीं। बाकी अब भी गायब हैं, जिससे सीमा क्षेत्रों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। 

पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली और प्रशासनिक सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवादी ने आयोग से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, ताकि तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ हो सके और लापता लड़कियों को सुरक्षित वापस लाया जा सके।