पटना में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, गंगा नदी के टापू से भारी मात्रा में अधबने कट्टे और उपकरण बरामद

पटना के नदी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अर्द्ध निर्मित हथियार बरामद किये है.....

पटना में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा- फोटो : अनिल कुमार

Patna : वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटना के नदी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार की शाम गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोनिया घाट के सामने गंगा नदी में स्थित एक टापुनुमा दीयारे की झाड़ियों में छापेमारी की। वहां झाड़ी में छिपाकर अवैध हथियारों का निर्माण करने और उन्हें बाहर बेचने का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।


पुलिस की टीम को देख नाव से भागे हथियार तस्कर 

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख मौके पर मौजूद 3 से 4 हथियार तस्कर नाव के माध्यम से भागने लगे। पुलिस बल द्वारा उनका पीछा भी किया गया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार झाड़ी की सघन तलाशी ली, जहां से अवैध हथियार बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ और भारी मात्रा में निर्माण सामग्री व उपकरण जब्त किए गए।


एमएम जिंदा कारतूस और 06 अर्द्धनिर्मित कट्टे की बॉडी जब्त 

बरामदगी की सूची के अनुसार पुलिस ने मौके से देशी कट्टे के 06 पीस अर्द्धनिर्मित बैरल, 06 पीस अर्द्धनिर्मित बॉडी, 06 पीस ट्रिगर गार्ड, 06 पीस ट्रिगर, 06 पीस हैम्बर, 01 पीस 08 एमएम खोखा और 01 पीस 08 एमएम जिंदा कारतूस जब्त किया। इसके अलावा हैंड ब्रेस्ट ड्रिल मशीन, लोहे काटने की आरी, रेती, स्प्रिंग, नल-बोल्ट, स्क्रू, हथौड़ा और अन्य औजार बरामद किए गए।


नदी थाना में आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं में केस दर्ज 

इस मामले को लेकर नदी थाना कांड संख्या-347/2026, दिनांक 26.08.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-AA)/25(1-B)a/26/35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की टीम फरार हुए तस्करों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।


छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी और जवान 

इस कार्रवाई में नदी थाना के सब थानाध्यक्ष अनुपम कुंज, पु०अ०नि० देवकुमार नंदी, पु०अ०नि० जयकिशोर चौधरी तथा सशस्त्र बल के जवान मुकेश कुमार, रविरंजन कुमार और अनोज कुमार मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


अनिल की रिपोर्ट