आईएमए बिहार का बड़ा अभियान: पटना में विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह का आगाज, डॉक्टरों ने निकाली 'तंबाकू मुक्त पीढ़ी रैली'
Patna : इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) मुख्यालय की पहल पर देश भर में 24 मई से 31 मई 2026 तक 'विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह' मनाया जा रहा है। इस देशव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसंचार, मीडिया में तंबाकू विरोधी लेखों के प्रकाशन, युवा सशक्तिकरण सेमिनार, सामुदायिक व डिजिटल सहभागिता, नुक्कड़ नाटक और सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से आम जनता को तंबाकू के जानलेवा दुष्प्रभावों से अवगत कराना है। इसी कड़ी में आईएमए बिहार राज्य शाखा ने भी राज्य में इस महाअभियान का शंखनाद कर दिया है।
आईएमए भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर रविवार को पटना के आईएमए भवन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस सह जन जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। आईएमए बिहार के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को तंबाकू और गुटखा के सेवन से होने वाली जानलेवा बीमारियों के प्रति सचेत करना था। मंच से डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने एक सुर में "तंबाकू मुक्त बिहार" के निर्माण का संकल्प लिया और समाज से इस जहर को उखाड़ फेंकने का संदेश दिया।
कैंसर और हृदय रोग का मुख्य कारण है तंबाकू: विशेषज्ञ
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आईजीआईएमएस (IGIMS) पटना के उपाधीक्षक डॉ. सेतु सिन्हा और 'गुटखा छोड़ो आंदोलन' के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार मानव ने अपने विचार व्यक्त किए। चिकित्सा विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक तथ्यों को सामने रखते हुए कहा कि तंबाकू और गुटखा का सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारी और असमय मौत का सबसे प्रमुख कारण है। वक्ताओं ने विशेष रूप से आज की युवा पीढ़ी से अपील की कि वे किसी भी तरह के झांसे या शॉक में आकर इन घातक आदतों का शिकार न बनें और एक स्वस्थ जीवनशैली को अपनाएँ।
आईएमए हॉल से जेपी गोलंबर तक डॉक्टरों ने निकाली बड़ी रैली
जागरूकता कार्यक्रम के बाद "Say No to Tobacco, Say Yes to Life" (तंबाकू को ना कहें, जीवन को हां कहें) और "तंबाकू मुक्त पीढ़ी" के गगनभेदी नारों के साथ एक विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली आईएमए हॉल से शुरू होकर पटना के ऐतिहासिक जेपी गोलंबर तक गई। इस 'तंबाकू मुक्त पीढ़ी रैली' में बड़ी संख्या में वरिष्ठ चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों, पैरामेडिकल स्टाफ और आम नागरिकों ने बैनर-पोस्टर के साथ भाग लिया और लोगों को खुद तंबाकू छोड़ने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
"आज का संकल्प, तंबाकू मुक्त कल": आईएमए की बिहारवासियों से अपील
आईएमए बिहार राज्य शाखा ने सभी बिहारवासियों से भावुक और कड़क अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं को तंबाकू से दूर रखें और अपने परिवार व पूरे समाज को इसके सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करें। संस्था ने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए ऐसे जनहित कार्यक्रम आगे भी निरंतर चलते रहेंगे। कार्यक्रम के समापन पर आईएमए बिहार के अवैतनिक राज्य सचिव डॉ. दिनेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए "आज का संकल्प, तंबाकू मुक्त कल" के नारे के साथ कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।
वंदना की रिपोर्ट