Patna traffic: पटना में मेट्रो का असर, चिड़ियाघर के पास जाम से निपटने के लिए बदला बदला ट्रैफिक, व्यावसायिक वाहनों का इन दो रूट पर किया गया डायवर्ट

Patna traffic:पटना में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते चिड़ियाघर के पास करीब 200 मीटर सड़क की एक लेन बंद होने से ट्रैफिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।

जाम से निपटने के लिए बदला बदला ट्रैफिक- फोटो : social Media

Patna traffic:पटना में मेट्रो निर्माण कार्य के चलते चिड़ियाघर के पास करीब 200 मीटर सड़क की एक लेन बंद होने से ट्रैफिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। पीक आवर में वाहनों की संख्या बढ़ने से राजवंशी नगर स्थित हनुमान मंदिर के आसपास जाम की स्थिति लगातार गंभीर हो रही थी। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने सोमवार से सगुना मोड़ की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए नया डायवर्जन प्लान लागू किया है।

नए ट्रैफिक प्लान के तहत राजाबाजार पुल के नीचे से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को चिड़ियाघर पहुंचने से पहले डुमरा चौकी के पास डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन एयरपोर्ट के मुख्य गेट के सामने से होते हुए पटेल गोलंबर और हार्डिंग रोड के रास्ते आयकर गोलंबर अथवा पटना जंक्शन की ओर जा सकेंगे। इस व्यवस्था का मकसद चिड़ियाघर के पास बंद लेन पर वाहनों का दबाव कम करना है।

इसके अलावा कुछ व्यावसायिक वाहनों को चिड़ियाघर पहुंचने से पहले एलएनजेपी अस्पताल की ओर मोड़कर पुनाईचक की तरफ भेजा जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार सगुना मोड़ की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए फिलहाल दो डायवर्जन प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। पहला डुमरा चौकी से एयरपोर्ट की ओर और दूसरा एलएनजेपी अस्पताल की ओर रहेगा।

हालांकि एलएनजेपी अस्पताल से पुनाईचक जाने वाली सड़क अपेक्षाकृत संकरी है। ऐसे में इस मार्ग पर व्यावसायिक वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की नई समस्या पैदा होने की आशंका है। ट्रैफिक पुलिस पूरे रूट की निगरानी करेगी और परिस्थितियों के मुताबिक डायवर्जन में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

यातायात पुलिस के मुताबिक मेट्रो निर्माण का अगला चरण विकास भवन और विद्युत भवन के आसपास शुरू होना प्रस्तावित है। वहां निर्माण कार्य शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था में फिर बदलाव किया जाएगा और व्यावसायिक वाहनों को आयकर गोलंबर से ही डायवर्ट करने की योजना है। फिलहाल पुलिस का पूरा जोर चिड़ियाघर के पास पीक आवर में बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने और वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर है।