Bihar News : 100 दिनों में सम्राट सरकार ने लिखी बिहार के विकास की नई इबारत: डॉ. संतोष कुमार सुमन

Bihar News : मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने सम्राट सरकार के 100 दिन पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि इन 100 दिनों ने बिहार में सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और तेज़ विकास की नई इबारत लिखी है।

सरकार के सौ दिन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने सम्राट सरकार के सफलतापूर्वक 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संपूर्ण एनडीए (NDA) सरकार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इन 100 दिनों के कार्यकाल में बिहार में सुशासन, पारदर्शी प्रशासन और तेज गति से होते विकास की एक नई इबारत लिखी गई है। सरकार ने यह साबित कर दिया है कि अगर नेतृत्व स्पष्ट हो और इच्छाशक्ति दृढ़, तो कम समय में भी बड़े बदलाव की मजबूत नींव रखी जा सकती है।

डॉ. सुमन ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम का स्पष्ट मानना है कि देश के सर्वांगीण विकास में बिहार अग्रणी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, निवेश आकर्षित करने, बुनियादी ढांचे के विस्तार, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में ऐतिहासिक गति से काम किया है।

अपनी पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) एनडीए के एक जिम्मेदार और प्रतिबद्ध सहयोगी के रूप में सामाजिक न्याय, अंत्योदय और समावेशी विकास के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करता रहेगा।

अंत में उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार के ये 100 दिन तो केवल एक शुरुआत हैं। आने वाले समय में सम्राट सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में 'विकसित बिहार' के संकल्प को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और प्रदेश की जनता की सभी आकांक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरेगी।