Bihar News : सहरसा में बेख़ौफ़ बदमाशों ने दिनदहाड़े की पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी

Bihar News : सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारकर पूर्व मुखिया एवं समाजसेवी जावेद इकबाल उर्फ ‘गुड्डू मुखिया’ की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है.....पढ़िए आगे

पूर्व मुखिया की हत्या - फोटो : CHHOTU SARKAR

PATNA : बिहार के सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दबंगई और दुस्साहस की सभी हदें पार करते हुए दिनदहाड़े पूर्व मुखिया एवं प्रसिद्ध समाजसेवी जावेद इकबाल उर्फ ‘गुड्डू मुखिया’ की गोली मारकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात सरबेला-मुबारकपुर मार्ग पर हरेवा पंचायत के पास सोमवार को दिन के करीब तीन बजे हुई, जब अपराधियों ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया और पीठ में गोली मार दी।

घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल गुड्डू मुखिया को तत्काल इलाज के लिए सहरसा के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी और भारी दहशत का माहौल पैदा हो गया है, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक परिजन घायल मुखिया को लेकर खुद सहरसा के लिए निकल चुके थे। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद शोकाकुल परिजन शव को लेकर वापस घर लौटने लगे, हालांकि बाद में पुलिस और प्रशासनिक दबाव के बाद परिजन शव को रास्ते से ही वापस लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लौटे।

मृतक के परिजनों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि मरने से पहले खुद गुड्डू मुखिया ने यह जानकारी दी थी कि मोहम्मद साहिल ने कुछ अन्य अपराधियों के साथ मिलकर उन पर गोली चलाई है। हालांकि, इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस अभी पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और आधिकारिक रूप से अन्य अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार है।

छोटू सरकार की रिपोर्ट