Bihar Politics : अगले चुनाव में लालू परिवार को एक सरकारी कमरे के लायक भी नहीं छोड़ेगी जनता : श्याम सुन्दर शरण

Bihar Politics : हम के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुंदर शरण ने लालू परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह समझ से परे है कि लालू परिवार आखिर सरकारी आवास को लेकर इतना मोह क्यों दिखा रहा है?

सरकारी आवास का मोह क्यों - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से०) के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने कहा कि लालू परिवार आखिर सरकारी आवास को लेकर इतना मोह क्यों दिखा रहा है, यह समझना मुश्किल है। लोकतंत्र में राजतंत्र वाली मानसिकता नहीं चलती। नियम और कानून सबके लिए समान होते हैं।

उन्होंने कहा कि जिन नेताओं का उदाहरण देकर यह कहा जा रहा है कि “लालू जी को बंगला क्यों नहीं मिल सकता”, वे शायद यह भूल जाते हैं कि उन नेताओं में किसी को भ्रष्टाचार के मामलों में सजा नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर एक सजायाफ्ता व्यक्ति को किस अधिकार से सरकारी आवास दिया जाए?

श्याम सुन्दर शरण ने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार कहते रहे कि बंगला खाली नहीं करेंगे। मामला कोर्ट तक गया, लेकिन न्यायालय ने भी नियमों के अनुसार स्पष्ट कर दिया कि आवास खाली करना ही होगा। इसके बावजूद लालू परिवार बार-बार उसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब वह आवास एक दलित मंत्री को आवंटित हो चुका है। ऐसे में राजनीतिक हठ छोड़कर सम्मानपूर्वक आवास खाली कर देना चाहिए। सामाजिक न्याय का दावा करने वाले लोगों को कम से कम एक दलित प्रतिनिधि के अधिकार का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भद्द पिटवाने और अनावश्यक विवाद खड़ा करने से बेहतर है कि कानून और न्यायालय के आदेश का सम्मान किया जाए। अगर लालू परिवार इसी तरह सत्ता के अहंकार और परिवारवाद की राजनीति करता रहा, तो अगले चुनाव में जनता उन्हें एक सरकारी कमरे के लायक भी नहीं छोड़ेगी।