U-19 WORLD CUP champion - विश्व कप में भारत का 'महा-पराक्रम': वैभव सूर्यवंशी के तूफानी 175 रनों से इंग्लैंड ध्वस्त, भारत छठी बार बना वर्ल्ड चैंपियन

हरारे में आज खेले गए अंडर-19 मेन्स क्रिकेट विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर छठी बार विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर यह शानदार उपलब्धि हासिल की।

PATNA - जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आज नीली जर्सी वाले युवा सितारों ने इतिहास रच दिया। भारत ने अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को करारी शिकस्त देते हुए रिकॉर्ड छठी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया। कप्तान आयुष म्हात्रे की अगुवाई में भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और फाइनल में भी अपने दबदबे को बरकरार रखा।

वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड-तोड़ 'बवंडर' मैच के असली हीरो 14 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बारिश कर दी। वैभव ने मात्र 80 गेंदों में 175 रनों की अविश्वसनीय पारी खेली, जिसमें 15 शानदार छक्के और 15 चौके शामिल थे। यह अंडर-19 विश्व कप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उनकी इस आक्रामक पारी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह पस्त कर दिया।

भारत ने खड़ा किया रनों का 'हिमालय' 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवरों में 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया। वैभव के अलावा कप्तान आयुष म्हात्रे ने कप्तानी पारी खेलते हुए 53 रन बनाए। अंत में कनिष्क चौहान ने महज 20 गेंदों में 37 रनों की कैमियो पारी खेलकर भारत को 400 के पार पहुँचाया। यह अंडर-19 विश्व कप नॉकआउट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बन गया है।

इंग्लैंड की पारी हुई ध्वस्त 

412 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। इंग्लैंड ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए।  इंग्लैंड के लिए कैलेब फाल्कनर ने अकेले संघर्ष किया, लेकिन वह केवल हार के अंतर को ही कम कर सके।

छठी बार विश्व विजेता बना भारत 

इस जीत के साथ भारत ने अपनी झोली में छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब (2000, 2008, 2012, 2018, 2022 और 2026) डाल लिया है। पूरे भारत में इस समय जश्न का माहौल है और दिग्गज क्रिकेटरों सहित देश भर से इन युवा चैंपियंस को बधाइयां मिल रही हैं।